देश की खबरें | मप्र : बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान में 57 वर्षीय हथिनी ने दिया मादा शावक को जन्म
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान में 57 वर्षीय हथिनी अनारकली ने एक मादा शावक को जन्म दिया है।
भोपाल, चार अक्टूबर मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान में 57 वर्षीय हथिनी अनारकली ने एक मादा शावक को जन्म दिया है।
मध्यप्रदेश वन विभाग के प्रधान मुख्य संरक्षक (वन्यजीव) आलोक कुमार ने सोमवार को बताया, ‘‘बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान में गांधी जयंती (दो अक्टूबर) के दिन एक नन्हे मेहमान का आगमन हुआ। यहां की मशहूर हथिनी अनारकली ने मादा शावक को जन्म दिया है। नन्हा मेहमान पूरी तरह से स्वस्थ है।’’
उन्होंने कहा कि उद्यान प्रबंधन ने नवजात मादा हाथी शावक का नाम ‘गायत्री’ रखा है।
कुमार ने बताया कि बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान की यह हथिनी अब तक आठ शावकों को जन्म दे चुकी है। इनमें से चार सलामत हैं और चार की पहले मृत्यु हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि अनारकली हथिनी को वर्ष 1978-79 में सोनपुर मेला बिहार से क्रय कर बांधवगढ़ लाया गया था। राष्ट्रीय उद्यान के अंदर वन्य एवं वन्य-जीवों के बचाव अभियान में अनारकली का विशेष योगदान रहा है।
कुमार ने बताया कि बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान में वर्तमान में 14 हाथी हैं, जिनका वन एवं वन्य-जीव प्रबंधन में बड़ा योगदान है। यहां पर्यटक हाथी पर सवार होकर इस राष्ट्रीय उद्यान के वन क्षेत्र और जीव-जन्तुओं का अवलोकन कर पर्यटन का आंनद भी लेते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)