देश की खबरें | अभिनेता पुनीत राजकुमार के निधन पर मोदी, राजनेताओं और प्रतिष्ठित लोगों ने जताया शोक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कन्नड़ फिल्मों के जाने माने अभिनेता पुनीत राजकुमार के “असामयिक” निधन पर शोक व्यक्त किया।

बेंगलुरु, 29 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कन्नड़ फिल्मों के जाने माने अभिनेता पुनीत राजकुमार के “असामयिक” निधन पर शोक व्यक्त किया।

‘अप्पू’, ‘वीरा कन्नडिगा’ और ‘मौर्य’ जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले कन्नड़ सिनेमा के स्टार और टेलीविजन प्रस्तोता पुनीत (46) का शुक्रवार को यहां दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि जिम में दो घंटे की कसरत के बाद सीने में दर्द की शिकायत करने पर पुनीत को विक्रम अस्पताल लाया गया। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

पुनीत के निधन की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री मोदी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और कई अन्य राजनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुनीत के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मोदी ने शुक्रवार को कहा कि आने वाली पीढ़ी उन्हें उनके कार्यों और शानदार व्यक्तित्व के लिये याद रखेगी ।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ दुर्भाग्य के क्रूर फेर ने हमसे बहुत ही प्रतिभाशाली अभिनेता पुनीत राजकुमार को छीन लिया है । यह उम्र जाने की नहीं है । आने वाली पीढ़ी इस महान व्यक्तित्व को उनके कार्यो द्वारा याद रखेगी । उनके परिवार और प्रशंसकों को मेरी श्रद्धांजलि, ओम शांति ।’’

मुख्यमंत्री बोम्मई ने अभिनेता के निधन पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘एक बहुत बड़ा व्यक्तिगत नुकसान है और इसे सहन करना मुश्किल है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह परिवार और प्रशंसकों को इस क्षति को सहन करने की शक्ति दें।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कन्नड़ फिल्मों के मशहूर अभिनेता पुनीत राजकुमार के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार एवं मित्रों के प्रति संवेदना प्रकट की।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कन्नड़ अभिनेता पुनीत राजकुमार के परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना है। वह जल्द, बहुत जल्द चले गए।’’

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘एक चमकीला सितारा। उनका आगे एक लंबा करियर था। उनके परिवार और उनके असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।’’

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि पुनीत का निधन उनके लिए एक व्यक्तिगत क्षति है क्योंकि उनके परिवारों के बीच दशकों से “सौहार्दपूर्ण रिश्ते” थे।

उन्होंने कहा कि पुनीत के तौर पर कन्नड़ सिनेमा उद्योग ने अपने सबसे महान समकालीन प्रतीकों में से एक को खो दिया है।

उन्होंने कहा, “कन्नड़ सिनेमा उद्योग ने अपने सबसे महान समकालीन प्रतीकों में से एक को खो दिया है। मैं पुनीत के परिवार और कर्नाटक के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं जो इस अपूर्णीय क्षति का शोक मना रहे हैं।”

केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने भी पुनीत के निधन पर शोक व्यक्त किया।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “कन्नड़ सिनेमा के प्रमुख अभिनेताओं में से एक पुनीत राजकुमार के निधन से गहरा दुख हुआ। उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदनाएं।”

चिरंजीवी, महेश बाबू, प्रकाश राज, सिद्धार्थ के साथ-साथ अजय देवगन, संजय दत्त अभिषेक बच्चन और सोनू सूद जैसे अभिनेताओं ने ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया मंच पर अपनी संवेदना व्यक्त की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\