विदेश की खबरें | विशेष सामुदायिक कार्यक्रम में मोदी, अल्बनीज ने सिडनी के उपनगर को ‘लिटिल इंडिया’ नाम दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज ने यहां एक विशेष सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया में एक सड़क का आधिकारिक तौर पर नाम बदलकर ‘लिटिल इंडिया’ कर दिया।
सिडनी, 23 मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज ने यहां एक विशेष सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया में एक सड़क का आधिकारिक तौर पर नाम बदलकर ‘लिटिल इंडिया’ कर दिया।
हैरिस पार्क पश्चिमी सिडनी में एक केंद्र है, जहां भारतीय समुदाय दिवाली और ऑस्ट्रेलिया दिवस जैसे त्योहारों और कार्यक्रमों का जश्न मनाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “मुझे अहमदाबाद में प्रधानमंत्री अल्बनीज जी का भारतीय जमीन पर स्वागत करने का अवसर मिला था। आज यहां ‘लिटिल इंडिया’ की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में वह मेरे साथ हैं।”
‘सिटी ऑफ पेरामेटा’ ने अपनी वेबसाइट पर कहा, “हैरिस पार्क एक संपन्न, गतिशील, बहुसांस्कृतिक केंद्र है, जो संस्कृतियों और बड़ी भारतीय आबादी के मिश्रण के लिए जाना जाता है।”
उसने कहा कि ‘लिटिल इंडिया’ के रूप में चर्चित, हैरिस पार्क में विग्राम, मैरियन और स्टेशन स्ट्रीट पर 20 से अधिक भोजनालय हैं, रंग-बिरंगी साड़ियां, चमकदार चूड़ियां और भारतीय मसाले बेचने वाली दुकानें हैं, जो आपको ऐसी अनुभूति कराएंगे कि आप सीधे मुंबई पहुंच गए।
हैरिस पार्क को ‘लिटिल इंडिया’ का नाम दिए जाने की घोषणा ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बनीज ने की, जहां उन्होंने प्रवासी भारतीयों के एक कार्यक्रम में मोदी का स्वागत किया था।
मोदी ने इस विशेष भाव के लिए अल्बनीज को धन्यवाद दिया।
मोदी ने सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान कहा, “धन्यवाद, मेरे दोस्त एंथनी।”
उन्होंने कहा कि यह ऑस्ट्रेलियाई समाज की भारतीय समुदाय को दी गई मान्यता है।
उन्होंने कहा, “मैं इस विशेष सम्मान के लिए न्यू साउथ वेल्स के प्रमुख, पेरामेटा शहर के मेयर और डिप्टी मेयर और पार्षदों को धन्यवाद देता हूं।”
आधिकारिक तौर पर ‘लिटिल इंडिया’ क्षेत्र का नामकरण करने का पहला प्रस्ताव 2015 में तैयार किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)