देश की खबरें | मोदी ने नवनियुक्त सुरक्षा कर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए योगाभ्यास की सलाह दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में नवनियुक्त कर्मियों को शारीरिक व मानसिक मजबूती के लिए दैनिक अभ्यास के रूप में योग को शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नयी दिल्ली, 28 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में नवनियुक्त कर्मियों को शारीरिक व मानसिक मजबूती के लिए दैनिक अभ्यास के रूप में योग को शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित एक ‘रोजगार मेले’ में प्रधानमंत्री ने 51,000 से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। रोजगार मेले के जरिए केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और दिल्ली पुलिस में कर्मियों की भर्तियां की हैं।
इन कर्मियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘आपका काम समय के बंधनों में बंधा हुआ नहीं होता। मौसम की हर मार आपको झेलनी पड़ती है। फिजिकल फिटनेस आप लोगों के लिए बहुत जरूरी है। फिजिकल फिटनेस से आधा काम, तो यूं ही हो जाता है। अगर ढंग से आप खड़े हैं, तो कानून व्यवस्था संभालने में कुछ करना नहीं पड़ता है, खड़ा रहना ही काफी हो जाता है।’’
उन्होंने कहा कि उनका मत है कि कार्य के दौरान तनावपूर्ण पल बहुत बार आते हैं और कई दफा तो छोटी-छोटी बात पर तनाव हो जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘योग आपके जीवन में दैनिक अभ्यास का हिस्सा होना चाहिए। आप देखेंगे संतुलित मन आपके कार्य के लिए बहुत बड़ी ताकत देगा। योग सिर्फ शारीरिक अभ्यास नहीं है। स्वस्थ मन के लिए, संतुलित मन के लिए और आप जैसे लोगों को कार्य के दौरान तनाव से मुक्त रहने के लिए ये जीवन का हिस्सा होना बहुत जरूरी है।’’
यह रोजगार मेला देशभर में 45 स्थानों पर आयोजित किया गया। देशभर से चुने गए नए कर्मी केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत विभिन्न संगठनों में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी), सब-इंस्पेक्टर (जनरल ड्यूटी) और नॉन-जनरल ड्यूटी कैडर पदों जैसे विभिन्न पदों पर शामिल होंगे।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)