नयी दिल्ली, 19 दिसंबर दिल्ली की मंडोली जेल में कैदियों के पास से मोबाइल फोन और हाथ से बने चाकू मिलने के बाद दो पुलिस उपाधीक्षकों और तीन मुख्य वार्डन को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त महानिदेशक (दिल्ली कारागार) एचपीएस श्रन ने बताया कि जेल महानिदेशक संजय बनिवाल ने गुप्त सूचना के आधार पर, जेल में छिपाकर कर लाए गए संचार उपकरणों का पता लगाने के लिए जेल मुख्यालय में एक विशेष सतर्कता दल का गठन किया था।
अधिकारियों ने बताया कि इस दल और तमिलनाडु विशेष पुलिस के 104 कर्मियों ने रविवार सुबह नौ बजकर 25 मिनट से 10 बजकर 50 मिनट के बीच छापेमारी की, जिसके बाद आठ मोबाइल फोन बरामद हुए।
एआईजी ने बताया कि शौचालय के दरवाजों, टाइलों के पीछे, पानी की टंकियों और बंद पड़ी पानी की पाइपलाइन जैसे स्थानों से मोबाइल फोन बरामद हुए।
सूत्रों ने कहा कि गोगी गिरोह के एक सदस्य समेत तीन खूंखार अपराधियों के पास से फोन बरामद किए गए। तीन आरोपियों में से एक के पास चार फोन थे।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा हाथ से बने आठ चाकू, कुछ खुला तंबाकू और सफेद चूना भी बरामद किया गया है।
एआईजी ने कहा कि मोबाइल फोन बरामद होने के बाद जेल विभाग ने इस मामले में जेल कर्मचारियों की भूमिका पता लगाने के लिए आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY