देश की खबरें | विधायक जिग्नेश मेवाणी महिला पुलिस अधिकारी पर हमले के मामले में असम की अदालत में पेश हुए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात से कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी एक महिला पुलिस अधिकारी पर कथित हमले के मामले में असम के बरपेटा जिले में सोमवार को एक स्थानीय अदालत में पेश हुए।

बरपेटा (असम), 17 जुलाई गुजरात से कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी एक महिला पुलिस अधिकारी पर कथित हमले के मामले में असम के बरपेटा जिले में सोमवार को एक स्थानीय अदालत में पेश हुए।

रविवार रात असम पहुंचे मेवाणी बरपेटा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश हुए।

अधिकारियों ने कहा कि वह सुनवाई की पिछली तारीख 29 मई को अदालत में पेश नहीं हुए थे।

उन्होंने कहा, "सुनवाई की अगली तारीख पांच अगस्त तय की गई है। हम आज की कार्यवाही के विस्तृत विवरण का इंतजार कर रहे हैं।"

अदालत के बाहर पत्रकारों से मेवाणी ने कहा, "आज अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस है और मुझे उम्मीद है कि मेरे मामले में न्याय होगा।"

मामला एक महिला पुलिस अधिकारी पर कथित हमले से संबंधित है। कथित घटना तब हुई थी जब महिला पुलिस अधिकारी अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पिछले साल अप्रैल में मेवाणी को गुवाहाटी हवाई अड्डे से कोकराझार तक ले जा रही थीं।

कांग्रेस समर्थित तत्कालीन निर्दलीय विधायक मेवाणी को पहली बार 19 अप्रैल को गुजरात के पालनपुर शहर से गिरफ्तार किया गया था और कोकराझार लाया गया था, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ट्वीट करने को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।

ट्वीट मामले में जमानत पर रिहा होने के तुरंत बाद उन्हें कथित हमले के संबंध में बरपेटा थाने में दर्ज मामले में 25 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया गया था। बरपेटा अदालत ने 29 अप्रैल को मेवाणी को जमानत दे दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\