देश की खबरें | मिजोरम : म्यांमा सीमा के पास भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, जांच जारी

आइजोल, पांच मई दक्षिणी मिज़ोरम में म्यांमा सीमा के पास भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। असम राइफल्स ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

असम राइफल्स के मुताबिक, एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए लवंगतलाई शहर के पास दो स्थानों पर छापेमारी के बाद विस्फोटक जब्त किए गए। असम राइफल्स और राज्य पुलिस के संयुक्त अभियान में कुल 139 जिलेटिन की छड़ें, 149 डेटोनेटर और 43 मीटर कॉर्डेक्स जब्त किया गया।

बुधवार को की गई बरामदगी के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

असम राइफल्स ने कहा कि दोनों आरोपियों को विस्फोटक और जंग में इस्तेमाल होने वाले सामान के साथ आगे की जांच के लिए राज्य पुलिस को सौंप दिया गया है।

वहीं, आइजोल जिले के केल्सीह गांव के पास रविवार को भारी मात्रा में हथियार और जंगी सामान बरामद किया गया। दो वाहनों से तीन पंप-एक्शन शॉटगन, पांच प्वाइंट 22 राइफल, सात टेलीस्कोप, 20 पेटी एयर पैलेट, 3,000 किलोग्राम विस्फोटक, 2,000 मीटर सुरक्षा फ्यूज और 100 किलोग्राम बारूद जब्त किया गया था। इसके साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों से लगातार पूछताछ के बाद सोमवार को आइजोल के एक गोदाम से जिलेटिन की 103 पेटी (प्रत्येक में 200 छड़) बरामद हुई। गोदाम चार आरोपियों में से एक का था।

पुलिस ने कहा कि जांच अभी चल रही है और म्यांमा से अब तक इसका कोई संबंध नहीं मिला है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)