नयी दिल्ली, 23 अगस्त रेल मंत्री अश्निवी वैष्णव ने मिजोरम में बुधवार को निर्माणाधीन पुल ध्वस्त होने के कारण जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
उन्होंने यह भी कहा कि मामूली रूप से घायल श्रमिकों को 50,000 रूपये की राशि दी जाएगी ।
रेल मंत्री ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, ''मिजोरम में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से दुखी हूं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य प्रशासन और रेलवे के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। मृतकों के परिजन को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी जबकि गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।''
पुलिस ने बताया कि मिजोरम के सैरांग इलाके के पास बुधवार को एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के ढह जाने के कारण कम से कम 17 मजदूरों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है क्योंकि घटना के वक्त वहां 35-40 मजदूर मौजूद थे। घटना आइजोल से करीब 21 किलोमीटर की दूरी पर सुबह लगभग 10 बजे हुई।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मलबे से अब तक 17 शव निकाले गए हैं... कई अन्य अब भी लापता हैं।’’ उन्होंने कहा कि बचाव एवं राहत प्रयास जारी हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘‘मिजोरम में पुल हादसे से दुख हुआ। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।’’
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY