देश की खबरें | नोएडा से लापता युवती गोंडा में बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गौतमबुद्ध नगर जिले के बादलपुर थाना क्षेत्र से बृहस्पतिवार सुबह कथित तौर पर अगवा की गई युवती को पुलिस ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से बरामद कर लिया है।
नोएडा (उप्र),17 सितंबर गौतमबुद्ध नगर जिले के बादलपुर थाना क्षेत्र से बृहस्पतिवार सुबह कथित तौर पर अगवा की गई युवती को पुलिस ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से बरामद कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (जोन द्वितीय) हरिश चंदर ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सूचना मिली कि बादलपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले चार भाई-बहन सैर के लिए निकले थे। इनमें से एक लड़की (20) का कार सवार अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में युवती के पिता ने थाना बादलपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि सैर पर निकले उनके बच्चों के साथ कार सवार बदमाशों ने बदसलूकी की। उनकी छोटी बेटी के साथ बदमाशों ने छेड़छाड़ की और बहन को बचाने के लिए आई बड़ी बहन के साथ भी बदमाशों ने छेड़छाड़ की। उन्होंने बताया कि चारों भाई-बहनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि शिकायत में कहा गया था कि बदमाशों ने युवती के साथ बदसलूकी करने के बाद उसे कार में खींच लिया और फरार हो गए।
चंदर ने बताया कि इस मामले की जांच में जुटी गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने गोंडा के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले अनिमेष तिवारी के घर छापा मारा। उन्होंने बताया कि युवती वहीं पर थी। पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह अनिमेष से प्रेम करती है, लेकिन उसके घर वाले उनकी शादी के विरुद्ध थे।
उन्होंने कहा कि युवती ने बताया कि वह बुधवार को नोएडा से अकेले घर से निकली थी और अनिमेष के घर पहुंची। डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान अपहरण की बात झूठी पाई गई है।
युवती को पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोंडा से बरामद करने वाली गौतमबुद्ध नगर पुलिस टीम को प्रमुख सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने एक लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने बताया कि प्रमुख सचिव (गृह) ने इस बात की जानकारी गौतमबुद्ध नगर पुलिस को दी है। उन्होंने बताया कि टीम गोंडा जिले से उसे और अनिमेष तिवारी को लेकर नोएडा के लिए निकल गई है।
उन्होंने बताया कि छात्रा के परिजनों ने जानबूझकर इस घटना को अपहरण का रूप दिया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस मामले में पुलिस को गुमराह करने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)