देश की खबरें | दिल्ली में मदरसे में नाबालिग लड़के से कुकर्म, आरोपी गिरफ्तार: पुलिस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके के एक मदरसे में मौलवी ने 11 साल के लड़के से कथित तौर पर कुकर्म किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके के एक मदरसे में मौलवी ने 11 साल के लड़के से कथित तौर पर कुकर्म किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मौलवी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

दिल्ली महिला आयोग ने घटना के सिलसिले में करावल नगर थाने के प्रभारी को नोटिस जारी किया है।

पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम के निवासी लड़के की मां ने इस संबंध में शिकायत दी है।

पुलिस ने बताया कि महिला बृहस्पतिवार को करावल नगर थाने आई और घटना के बारे में जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि महिला ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा पिछले चार साल से मदरसे में पढ़ रहा था। सात अक्टूबर को जब वह छुट्टियों के बाद उसे मदरसे में ले गई, तो वह वहां पढ़ने को तैयार नहीं हुआ।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरू में उसने कुछ नहीं बताया और मदरसे में पढ़ने से इनकार कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि वह मदरसे से भाग गया। लेकिन काउंसलिंग के बाद उसने आपबीती सुनाई।

पुलिस ने कहा कि लड़के ने खुलासा किया कि वह अन्य छात्रों के साथ मदरसे की तीसरी मंजिल पर रहता था। 14 अगस्त को मौलवी ने उसे अपने कमरे में बुलाया और 'अभद्र' व्यवहार किया और धमकी भी दी।

पुलिस ने कहा कि मौलवी ने कई मौकों पर लड़के के साथ दुर्व्यवहार किया। दिल्ली महिला अयोग को 11 वर्षीय बच्चे का यौन उत्पीड़न किये जाने के बारे में जानकारी मिली थी।

उन्होंने बताया कि करावल नगर थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 377 और यौन हिंसा से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा 6/8 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now