हैदराबाद, 12 जुलाई तेलंगाना में 54000 से अधिक एमडीएम कर्मियों द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर की जा रही हड़ताल से लाखों स्कूली छात्रों को मध्याह्न भोजन की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। बुधवार को हड़ताल का तीसरा दिन था।
शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को वैकल्पिक इंतजाम करने को कहा गया है ताकि विद्यार्थियों को भोजन आपूर्ति प्रभावित नहीं हो। उन्होंने आशा जतायी कि यह हड़ताल एक दो दिन में खत्म हो जाएगी।
मध्याह्न भोजन (एमडीएम) कर्मी मांग कर रहे हैं कि राज्य सरकार लंबित विधेयक को मंजूरी दे और मानेदय में बढ़ोतरी करे। इसके साथ ही उनकी अन्य मांगें भी हैं।
राज्य सरकार ने इस साल फरवरी में मानदेय 1000 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये करने के लिए एक आदेश जारी किया था। हालांकि एमडीएम कर्मियों का आरोप है कि अबतक इस वृद्धि को लागू नहीं किया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सरकारी, जिला परिषद एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में 23 लाख विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। उनमें से करीब 75 से 80 प्रतिशत विद्यार्थी मध्याह्न भोजन करते हैं। डीईओ से वैकल्पिक इंतजाम करने को कहा गया है ताकि बच्चों को भोजन कराया जा सके। कुछ स्थानों पर स्थानीय कारणों से इंतजाम नहीं किया जा सका।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में 27000 विद्यालय हैं, जहां मध्याह्न भोजन विद्यार्थियों को कराया जाता है।
आल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एआईटीयूसी) तेलंगाना सचिव टी समैया ने कहा कि कर्मियों के यूनियन ने प्रदर्शन के तहत ‘हैदराबाद चलो’ का आह्वान किया है। उन्होंने कहा, ‘‘ हम राज्य सरकार को ज्ञापन देने जा रहे हैं तथा आगे का कदम सरकार की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY