जरुरी जानकारी | मेटा के भारत में भागीदारी प्रमुख मनीष चोपड़ा का इस्तीफा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मेटा के निदेशक और भारत में भागीदारी प्रमुख मनीष चोपड़ा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह प्रमुख सोशल मीडिया कंपनी से जनवरी, 2019 में जुड़े थे।

नयी दिल्ली, 17 मई मेटा के निदेशक और भारत में भागीदारी प्रमुख मनीष चोपड़ा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह प्रमुख सोशल मीडिया कंपनी से जनवरी, 2019 में जुड़े थे।

चोपड़ा ने पेशेवर सोशल नेटवर्किंग मंच लिंक्डइन पर इसकी घोषणा की। हालांकि, वह अगले कुछ सप्ताह तक कंपनी को इस बदलाव के लिए मदद करते रहेंगे।

चोपड़ा ने मंच पर लिखा, “पिछले कुछ महीने सभी के लिए कई मायनों में मुश्किल रहे हैं। मुझे पता है कि इस टीम ने एक-दूसरे की मदद की है और जमकर मेहनत की है। मैं अपने पेशेवर जीवन में नया चरण देख रहा हूं। मैं इस संबंध में बदलाव आपसे साझा करूंगा।”

चोपड़ा की विदाई ऐसे समय में हुई है जब मेटा भारत में महत्वपूर्ण मंथन कर रही है। नवंबर, 2022 में मेटा इंडिया के प्रमुख अजीत मोहन कंपनी छोड़कर प्रतिद्वंद्वी स्नैप से जुड़ गए थे। इसके बाद एक जनवरी, 2023 को संध्या देवनाथन के पदभार ग्रहण करने तक चोपड़ा ने कंपनी के अंतरिम प्रमुख के तौर पर पदभार संभाला था।

मोहन के त्यागपत्र के कुछ ही दिन के अंदर भारत में व्हॉट्सएप के प्रमुख अभिजीत बोस ने लगभग चार वर्ष सेवाएं देने के बाद त्यागपत्र दे दिया था। इसके बाद मेटा इंडिया के सार्वजनिक नीति के निदेशक राजीव अग्रवाल ने भी कंपनी छोड़ दी थी।

इससे पहले सितंबर, 2022 में भारत में व्हॉट्सएप पे के प्रमुख के तौर पर मनेश महात्मे ने त्यागपत्र दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\