देश की खबरें | लोकसभा चुनाव से पहले रणनीति बनाने के लिए ‘इंडिया’ के सहयोगियों की बैठक भोपाल में : कांग्रेस नेता

भोपाल, पांच अप्रैल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडिया के सहयोगी दल शनिवार को यहां बैठक कर आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य में प्रभावी तौर पर भाजपा का मुकाबला करने की रणनीति बनाने जा रहे हैं।

हाल ही में विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करने वाली भाजपा मप्र में आम चुनावों में क्लीन स्वीप करने की तैयारी कर रही है। यह दावा भाजपा के नेताओं ने किया है।

पिछले आम चुनाव में 2019 में सत्तारूढ़ पार्टी ने राज्य की 29 में से 28 सीटें जीती थी । प्रदेश में एकमात्र छिंदवाड़ा सीट कांग्रेस के नकुल नाथ ने जीती थी ।

मप्र कांग्रेस प्रमुख के मीडिया सलाहकार के के मिश्रा ने पीटीआई को बताया कि इंडिया गठबंधन के साझेदारों के मध्यप्रदेश प्रमुखों की एक बैठक यहां कांग्रेस कार्यालय में होगी, जिसमें केंद्र और राज्य में सत्तासीन भाजपा के खिलाफ समूह की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए दो दर्जन से अधिक राजनीतिक दल इंडिया गठबंधन के बैनर तले आए हैं।

मिश्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता उन लोगों में शामिल हैं जो भाजपा के खिलाफ विपक्षी गुट की संयुक्त रणनीति तैयार करने के लिए बैठक में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि समानता दल और एवं इंडिया डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रमुख भी चर्चा में शामिल होंगे।

कांग्रेस ने ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ समझौते के तहत मध्यप्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)