देश की खबरें | मेरठ: सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने का आरोपी युवक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मेरठ जिले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने के आरोपी एक युवक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मेरठ (उप्र), आठ मई मेरठ जिले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने के आरोपी एक युवक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सिविल लाइंस के पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा की नगर इकाई के महासचिव विनोद जाटव की शिकायत पर जैद (28) नामक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम खाते पर एक पोस्ट में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ और ‘पाकिस्तान सही है’ जैसे नारे लिखे थे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जैद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाला कृत्य) सहित सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
तिवारी ने बताया कि हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है।
उन्होंने लोगों से जिम्मेदारी से सामग्री साझा करने और ऐसी किसी भी हरकत से बचने का आग्रह किया जिससे गलत सूचना फैल सकती है या सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा हो सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)