देश की खबरें | मरवाही विधानसभा उपचुनाव, कांग्रेस ने भाजपा को 38 हजार से अधिक मतों से हराया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ की मरवाही विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है। कांग्रेस के प्रत्याशी ने अपने निकटतम भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को 38,197 मतों से पराजित किया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रायपुर, 10 नवंबर छत्तीसगढ़ की मरवाही विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है। कांग्रेस के प्रत्याशी ने अपने निकटतम भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को 38,197 मतों से पराजित किया।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि मरवाही विधासभा सीट के लिए आज सुबह आठ बजे शासकीय गुरुकुल विद्यालय में मतों की गिनती शुरू हुई। 22 चक्रों की गिनती के बाद देर शाम परिणाम की घोषणा कर दी गई। इस सीट के लिए तीन नवंबर को मतदान हुआ था जिसमें 77.89 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

यह भी पढ़े | Bihar Elections Results 2020: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने AIMIM को बताया वोटकटवा, कहा- बीजेपी ने ओवैसी को इस्तेमाल किया, सेक्युलर पार्टियां रहें सतर्क.

अधिकारियों ने बताया कि इस चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी के के ध्रुव को 83,561 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी गंभीर सिंह को 45,364 मत मिले हैं। मरवाही विधानसभा सीट के लिए आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।

गौरेला—पेंड्रा—मरवाही जिले के अंतर्गत आने वाली मरवाही विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। वर्ष 2000 में नए राज्य के गठन के बाद से यह सीट जोगी परिवार के पास थी। बीते 29 मई को अजीत जोगी की मृत्यु के बाद रिक्त हुई इस सीट के लिए उपचुनाव कराया गया।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Elections Results 2020: रुझानों को आरजेडी नेता मनोज झा ने नकारा, बोले-200 फीसदी महागठबंधन की सरकार बनेगी.

इस उप चुनाव के लिए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी पत्नी ऋचा जोगी का नामांकन जाति प्रमाण पत्र मामले के कारण रद्द हो गया था। राज्य बनने के बाद यह पहली बार है कि इस सीट से जोगी परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ सका। जोगी ने इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी का समर्थन करने का फैसला किया था।

राज्य के 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास अब 70 सीट हो गई है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के पास 14 सीट, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के पास चार सीट तथा बहुजन समाज पार्टी के पास दो सीटें हैं।

इससे पहले राज्य में दंतेवाड़ा और चित्रकोट विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव कराए गए थे। दोनों उपचुनावों में भी सत्ताधारी दल ने जीत हासिल की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\