जरुरी जानकारी | मारुति ने अगस्त में रिकॉर्ड बिक्री की, अप्रैल-अगस्त अवधि में एसयूवी खंड में बनी अगुवा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश की अग्रणी वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी ने अगस्त में 1,89,082 वाहनों की थोक बिक्री की जो अब तक की सर्वाधिक मासिक बिक्री है। इसके पीछे एसयूवी खंड में जोरदार बिक्री की अहम भूमिका रही है।
नयी दिल्ली, एक सितंबर देश की अग्रणी वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी ने अगस्त में 1,89,082 वाहनों की थोक बिक्री की जो अब तक की सर्वाधिक मासिक बिक्री है। इसके पीछे एसयूवी खंड में जोरदार बिक्री की अहम भूमिका रही है।
मारुति के ग्रैंड विटारा, ब्रेज़ा और जिम्नी जैसे एसयूवी मॉडलों का बिक्री आंकड़ा वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में शानदार रहा है। इसके दम पर मारुति अप्रैल-अगस्त अवधि में घरेलू एसयूवी खंड में अग्रणी स्थान पर पहुंच गई।
कंपनी की थोक बिक्री अगस्त में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 1.89 लाख हो गई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में उसने 1,65,173 इकाइयों की बिक्री की थी।
मारुति का मासिक बिक्री का पिछला रिकॉर्ड अक्टूबर, 2020 में बना था जब कंपनी ने 1,82,448 इकाइयों की मासिक बिक्री दर्ज की थी।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) ने एक बयान में कहा कि उसके कुल यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री 16 प्रतिशत वृद्धि के साथ 1,56,114 इकाई रही, जो अगस्त 2022 में 1,34,166 इकाई थी।
एमएसआई के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-अगस्त की अवधि में महिंद्रा एंड महिंद्रा को पछाड़कर एसयूवी खंड में अग्रणी खिलाड़ी बन गई है।
अगस्त में कंपनी की एसयूवी बिक्री 41,658 इकाई रही, जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री इस खंड में 37,233 इकाई रही।
उन्होंने कहा, ‘‘ चालू वित्त वर्ष में हम अप्रैल-अगस्त तक एसयूवी खंड में नंबर एक बन गए हैं।’’
ब्रेजा, अर्टिगा, फ्रॉन्क्स, ग्रांड विटारा, जिम्नी और एक्सएल6 जैसे बहु-उपयोगी वाहनों की अगस्त में बिक्री दोगुनी होकर 58,746 इकाई रही, जो पिछले वर्ष अगस्त में 26,932 इकाई थी।
वहीं आल्टो, एस-प्रेसो जैसी छोटी कारों की बिक्री घटकर 12,209 इकाई रही, जो अगस्त 2022 में 22,162 इकाई थी। कंपनी ने बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस और स्विफ्ट जैसी कॉम्पेक्ट कारों की 72,451 इकाइयां बेचीं जो अगस्त 2022 में 71,557 इकाई थी।
एमएसआईएल के अनुसार, अगस्त में उसका निर्यात 24,614 इकाई रहा, जो पिछले वर्ष के समान माह में 21,481 इकाई था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)