देश की खबरें | मनमोहन, सोनिया और राहुल ने आबे की हत्या पर दुख जताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर शुक्रवार को दुख जताया और भारत-जापान संबंधों को मजबूती देने में उनके योगदान को याद किया।
नयी दिल्ली, आठ जुलाई पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर शुक्रवार को दुख जताया और भारत-जापान संबंधों को मजबूती देने में उनके योगदान को याद किया।
मनमोहन सिंह ने भारत में जापान के राजदूत संतोशी सुजुकी को पत्र लिखकर दुख व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की दुखद हत्या से बहुत दुखी और स्तब्ध हूं। वह मेरे अच्छे मित्र थे। मेरे प्रधानमंत्री रहने के दौरान हमने दोनों देशों के संबंधों को वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाने के लिए काम किया। हमारे प्रयासों से भारत-जापान संबंध गुणात्मक रूप से नए स्तर पर पहुंचा।’’
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं इस दुख की इस घड़ी में शिंजो आबे के परिवार और जापान की जनता के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।’’
सोनिया गांधी ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या से स्तब्ध हूं। वह कई वर्षों तक भारत के बेहतरीन दोस्त और शुभचिंतक रहे। उन्होंने दोनों देशों के बीच के द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक और मजबूत बनाने के लिए बहुत कुछ किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनके साथ हुई मुलाकात को बहुत ही स्नेह के साथ और स्पष्ट रूप से याद करती हूं। जापान और निश्चित तौर पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए भी दुर्भाग्य का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी कमी निश्चित तौर पर महसूस होगी।’’
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं। भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सराहनीय थी। वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपने पीछे एक मजबूत विरासत छोड़ गए हैं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और जापान की जनता के साथ हैं।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या स्तब्ध करने वाली और दुखद है। हिंसा कायरों की होती है, यह कभी भी अच्छाई को दबा नहीं सकती। आबे बेहतरीन इंसान थे और उनका रास्ता शांति और करुणा का था। उन्होंने जो अद्भुत जीवन जिया, उसके लिए दुनिया उन्हें याद करेगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)