देश की खबरें | मणिपुर के तलवारबाजों की टीम प्रशिक्षण के लिए चेन्नई पहुंची

चेन्नई, 14 अगस्त हिंसाग्रस्त मणिपुर से दो प्रशिक्षकों सहित तलवारबाजी के करीब 17 खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के प्रशिक्षण के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए चेन्नई पहुंचे। सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी।

राज्य खेल विभाग ने बताया कि टीम के यहां हवाई अड्डे पर पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया और टीम ने आज से ही अपना प्रशिक्षण शुरू कर दिया है।

युवा कल्याण और खेल विकास मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा, ‘‘मणिपुर में स्थिति ठीक नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए सही माहौल नहीं मिल पा रहा है। इसको देखते हुए हमारे मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मणिपुर के एथलीट को तमिलनाडु में प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित किया था।’’

उदयनिधि ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट में लिखा कि निमंत्रण को स्वीकार करते हुए 10 पुरुष तलवारबाज, पांच महिला तलवारबाज और दो प्रशिक्षकों ने तमिलनाडु आने की इच्छा जताई। इसके बाद राज्य खेल विकास प्राधिकरण ने उन्हें चेन्नई लाने की व्यवस्था की।

उन्होंने मुख्यमंत्री को टैग करते हुए पोस्ट में कहा, ‘‘आवास सहित सभी सुविधाओं की व्यवस्था कर दी गई है। प्रशिक्षण के लिए चेन्नई में रहने वाले मणिपुर के खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं।’’

तलवारबाजी टीम ने तमिलनाडु के खेल विकास प्राधिकरण के सदस्य सचिव मेघनाथ रेड्डी से प्रशिक्षण की योजनाओं, यात्रा और प्रवास को लेकर बातचीत की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)