देश की खबरें | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं मणिपुर के मुख्यमंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह बृहस्पतिवार शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करके राज्य की स्थिति पर चर्चा कर सकते हैं।
नयी दिल्ली, 24 अगस्त मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह बृहस्पतिवार शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करके राज्य की स्थिति पर चर्चा कर सकते हैं।
सिंह मणिपुर की मौजूदा स्थिति और हालात सामान्य बनाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में शाह को जानकारी भी दे सकते हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मणिपुर इकाई की अध्यक्ष ए. शारदा देवी बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के साथ मौजूद हो सकती हैं, जिसमें मणिपुर के राजनीतिक हालात पर भी चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि 29 अगस्त को मणिपुर विधानसभा के एक दिवसीय सत्र से पहले यह बैठक होनी है।
इससे पहले, राज्य के मंत्रिमंडल ने 21 अगस्त को सदन की बैठक बुलाई थी, लेकिन कैबिनेट की अनुशंसा के बावजूद राजभवन की ओर से कोई अधिसूचना जारी नहीं किए जाने के चलते मंत्रिमंडल को दोबारा सदन की बैठक बुलानी पड़ी।
मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में पर्वतीय जिलों में तीन मई को ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद भड़की जातीय हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
राज्य में मेइती समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है और वे मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहते हैं। वहीं, नगा और कुकी जैसे आदिवासी समुदायों की आबादी 40 प्रतिशत है और वे अधिकतर पर्वतीय जिलों में रहते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)