देश की खबरें | आगरा में चिकित्सक के बंद घर में बक्से में मिला नर कंकाल

आगरा, 12 सितंबर आगरा जिले में एक मकान के अंदर काम कर रहे मजदूरों को बक्से के अंदर नर कंकाल मिलने से पूरे इलाके में हडकंप मच गया, जिसके बाद मजदूरों ने आनन-फानन में इलाके की पुलिस को मामले की जानकारी दी।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने नर कंकाल को जांच के लिए भेजा है।

पुलिस का कहना है कि यह मकान एक चिकित्सक का था, जिसे बेचकर वह परिवार समेत मथुरा में रहने लगा है।

पुलिस ने कहा कि जिस आदमी ने मकान खरीदा है, वह उसकी मरम्मत करवा रहा था।

पुलिस ने बताया कि मरम्मत कार्य में जुटे मजदूरों को सोमवार दोपहर बक्सा दिखा, जिसे खोलने पर उसमें नर कंकाल पड़ा मिला, यह नजारा देख मजदूर भयभीत हो गए और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्से में रखे नर कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हालांकि इस मामले में अछनेरा थाने के प्रभारी रोहित आर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह नकली कंकाल लग रहा है। इसे परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)