देश की खबरें | मलयाली अभिनेता ने कृषि संबंधी मुद्दे पर सरकार की आलोचना की, मंत्री ने किया बचाव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मलयाली अभिनेता जयसूर्या ने किसानों को उनकी फसल के भुगतान में विलंब को लेकर केरल की वाम सरकार की ओणम के मौके पर आलोचना कर दी। इसके बाद राज्य के एक मंत्री सरकार के बचाव में उतर आए।
कोच्चि, 30 अगस्त मलयाली अभिनेता जयसूर्या ने किसानों को उनकी फसल के भुगतान में विलंब को लेकर केरल की वाम सरकार की ओणम के मौके पर आलोचना कर दी। इसके बाद राज्य के एक मंत्री सरकार के बचाव में उतर आए।
कलामस्सेरी में कृषि संबंधी कार्यक्रम में मंगलवार को अभिनेता ने कहा कि राज्य सरकार का नागरिक आपूर्ति निगम ‘सप्लाई को.’ किसानों की फसल खरीदने पर उन्हें वक्त पर भुगतान नहीं करता है और किसानों के लिए यह परेशानी का सबब है। कार्यक्रम में राज्य के कृषि मंत्री पी प्रसाद और केरल के उद्योग मंत्री पी राजीव भी मौजूद थे।
जयसूर्या ने अपने एक अभिनेता मित्र की स्थिति का जिक्र किया जिनकी आजीविका का स्रोत कृषि है। उन्होंने कहा कि उनके दोस्त को ‘सप्लाई को’ द्वारा पांच महीने से अधिक समय पहले खरीदे गए चावल की राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है।
उन्होंने कार्यक्रम में कहा, “वह (दोस्त) इस स्थिति को सत्ता में बैठे लोगों के ध्यान में लाने के लिए ओणम पर उपवास पर बैठे हैं।”
जयसूर्या ने यह भी कहा कि आने वाली पीढ़ियों की दिलचस्पी कृषि में नहीं रहे तो उन्हें इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।
ओणम 10 दिनों तक चलने वाला फसल उत्सव है। इसी कार्यक्रम में मंत्री राजीव ने अभिनेता की बातों का जवाब देते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत किसानों से खाद्यान्न खरीदा जाता है और उनके बकाया का कुछ हिस्सा से केंद्र सरकार से आता है।
मंत्री ने कहा, “ केंद्र सरकार से भुगतान हमेशा कई महीनों या एक साल की देरी के बाद होता है। इसलिए, हमने यह तरीका अपनाया है कि ऋण लेकर किसानों को केंद्र के हिस्से सहित पूरी राशि का भुगतान कर दिया जाए।”
राजीव ने कहा कि इस बार राज्य द्वारा कर्ज लेने के संबंध में कुछ सीमाएं या कठिनाइयां थीं और इसलिए, किसानों को समय पर भुगतान नहीं किया जा सका।
उन्होंने दावा किया कि कठिनाइयों के बावजूद, राज्य ने किसानों को उनकी फसल के भुगतान के रूप में लगभग 2,200 करोड़ रुपये वितरित किए हैं।
राज्य सरकार ने बुधवार को दावा किया कि अभिनेता के कई दावे तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं।
सरकार ने बुधवार को स्वीकार किया कि किसानों को उनकी फसल के भुगतान में देरी हुई है। सरकार ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है कि किसानों को किसी भी कठिनाई का सामना न करना पड़े।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)