जरुरी जानकारी | महिंद्रा के स्कॉर्पियो-एन को ऑस्ट्रेलिया में मिली शून्य सुरक्षा रेटिंग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू वाहन विनिर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा के लोकप्रिय एसयूवी मॉडल स्कॉर्पियो-एन को वाहन सुरक्षा जांच एजेंसी एएनसीएपी ने शून्य रेटिंग दी है। हालांकि, कंपनी ने ऑस्ट्रेलिया के सुरक्षा मानकों के अनुरूप जरूरी बदलाव करने की प्रतिबद्धता जताई है।
नयी दिल्ली, 14 दिसंबर घरेलू वाहन विनिर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा के लोकप्रिय एसयूवी मॉडल स्कॉर्पियो-एन को वाहन सुरक्षा जांच एजेंसी एएनसीएपी ने शून्य रेटिंग दी है। हालांकि, कंपनी ने ऑस्ट्रेलिया के सुरक्षा मानकों के अनुरूप जरूरी बदलाव करने की प्रतिबद्धता जताई है।
ऑस्ट्रेलेशियन न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (एएनसीएपी) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि महिंद्रा स्कॉर्पियो को जांच में मिली सुरक्षा रेटिंग इसके सभी संस्करणों पर लागू होती है।
बयान के मुताबिक, स्कॉर्पियो मॉडल में ड्राइवर निगरानी प्रणाली, गति सीमा के बारे में बताने वाली प्रणाली और बच्चों की मौजूदगी पता करने वाली प्रणाली उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके अलावा स्वायत्त आपात ब्रेकिंग प्रणाली और लेन सपोर्ट प्रणाली न होने का भी जिक्र किया गया है।
एएनसीएपी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बाजार में उपलब्ध वाहनों की सुरक्षा रेटिंग तय करने वाली स्वतंत्र इकाई है। महिंद्रा स्कॉर्पियो को ऑस्ट्रेलिया में अप्रैल, 2023 में पेश किया गया था जबकि इसे न्यूजीलैंड में अगस्त के महीने में उतारा गया था।
किसी भी वाहन को चालक एवं सवारियों के लिहाज से सुरक्षित आंकने के लिए उनकी रेटिंग की जाती है। इसमें अधिकतम फाइव स्टार रेटिंग दी जाती है जबकि शून्य रेटिंग वाले वाहनों को सबसे असुरक्षित माना जाता है।
इससे पहले महिंद्रा की इस लोकप्रिय एसयूवी को ग्लोबल एनसीएपी की दुर्घटना जांच में वयस्कों के लिए फाइव स्टार रेटिंग और बच्चों के लिए थ्री स्टार रेटिंग मिली थी।
इस बीच, एएनसीएपी की सुरक्षा जांच में शून्य रेटिंग मिलने पर महिंद्रा ने कहा कि वह सुरक्षित और विश्वसनीय एसयूवी मॉडलों की आपूर्ति करने को लेकर प्रतिबद्ध है।
महिंद्रा ने कहा, ‘‘एएनसीएपी की विशिष्ट सुरक्षा जरूरतों के लिहाज से कुछ खास सुरक्षा खूबियों की मांग की गई है। हम सुरक्षा के अपने वादे को लेकर प्रतिबद्ध हैं और ऑस्ट्रेलिया में लागू इन विशिष्ट सुरक्षा प्रावधानों पर खरा उतरने की दिशा में काम कर रहे हैं।’’
कंपनी के मुताबिक, स्कॉर्पियो-एन मॉडल भारत में ऐसा पहला बॉडी-ऑन-फ्रेम एसयूवी है जो ग्लोबल एनसीएपी के जुलाई, 2022 से लागू नए दुर्घटना परीक्षण मानकों पर खरा उतरते हुए फाइव स्टार रेटिंग पाने में सफल रहा है।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)