देश की खबरें | महाराष्ट्र: नासिक में बस के खड्ड में गिरने से एक महिला की मौत, 22 अन्य घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नासिक जिले में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस बुधवार को सुबह खड्ड में गिर गई, जिससे एक महिला की मौत हो गई जबकि 22 अन्य लोग घायल हुए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मुंबई, 12 जुलाई नासिक जिले में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस बुधवार को सुबह खड्ड में गिर गई, जिससे एक महिला की मौत हो गई जबकि 22 अन्य लोग घायल हुए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि हादसा कलवन तालुका में सप्तश्रृंगी गढ़ घाट खंड पर वाणी में गणेश मंदिर के पास सुबह करीब पौने छह बजे हुआ। घायलों को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उनमें से अधिकतर को नासिक के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात एमएसआरटीसी की बस बुलढाणा जिले के खमगांव से सप्तश्रृंगी गढ़ आई थी। बुधवार को सुबह वापस लौटते समय वह ‘रेलिंग’ को तोड़ते हुए 150 फुट गहरे खड्ड में गिर गई।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि बस चालक ने कोहरे और सड़क पर मिट्टी की वजह से वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। स्थानीय निवासी, पुलिस तथा अन्य एजेंसियों के कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव एवं तलाश अभियान शुरू किया।

जिला संरक्षक मंत्री दादा भुसे ने वाणी में सरकारी अस्पताल का दौरा किया और वहां घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, ‘‘ दुर्भाग्य से हादसे में एक महिला की जान चली गई और 22 अन्य घायल हुए हैं। बस के अधिकतर यात्री जलगांव जिले में अमलनेर तालुका के हैं।’’

मंत्री ने बताया कि जान गंवाने वाली महिला के परिवार वालों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ घायलों के इलाज का खर्चा सरकार उठाएगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\