देश की खबरें | महाराष्ट्र: नांदेड़ के कई हिस्सों में बारिश से बाढ़ जैसे हालात, 12 गांवों के लोग सुरक्षित निकाले गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में नांदेड़ जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इसके चलते बिलोली तहसील के 12 गांवों से करीब एक हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

औरंगाबाद, 21 जुलाई महाराष्ट्र में नांदेड़ जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इसके चलते बिलोली तहसील के 12 गांवों से करीब एक हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

संभागीय आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी एक रिपोर्ट में कहा गया कि शुक्रवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे की अवधि में नांदेड़ की बिलोली तालुका के आदमपुर क्षेत्र में सबसे अधिक 213.75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हरनाली, मचनूर, बिलोली, गोलेगांव, अराली, कसाराली, बेलकोनी, कुंडलवाड़ी और गंजगांव समेत 12 गांवों के लगभग एक हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। लगातार बारिश के कारण इन गांवों में पानी का स्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।’’

संभागीय आयुक्तालय की रिपोर्ट में कहा गया कि मराठवाड़ा के 468 में से 40 सर्किल क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई जिनमें नांदेड़ जिले के 36 क्षेत्र शामिल हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, 24 घंटे की अवधि में आदमपुर क्षेत्र में 213.75 मिलीमीटर और नारंगल बुद्रुक क्षेत्र में 210.75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसमें कहा गया कि 18 सर्किल क्षेत्रों में 100-200 मिलीमीटर के बीच बारिश दर्ज की गई तथा अन्य 16 क्षेत्रों में 65-100 मिलीमीटर के बीच बारिश हुई।

वहीं, 24 घंटे में लातूर जिले के जलकोट में 83 मिलीमीटर और हिंगोली जिले के अखाडा में 94.50, तेम्भुर्नी में 78.75, येहलेगांव में 85.75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अत्यधिक बारिश के कारण बृहस्पतिवार रात 11 बजकर 30 मिनट पर नांदेड़ शहर के पास स्थित विष्णुपुरी बांध का एक गेट खोलना पड़ा था। इस दौरान 12,924 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजकर 45 मिनट पर गेट को बंद कर दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘गोदावरी नदी के बांध का गेट पूर्वाह्न 11 बजकर 45 मिनट पर एक बार फिर खोला गया और 11,688 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।’’

अधिकारियों ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा नांदेड़ में भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किए जाने मद्देनजर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषणा कर दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\