देश की खबरें | महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे आज करेंगे मंत्रिमंडल विस्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद एकनाथ शिंदे अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार आज यानी मंगलवार को करेंगे।
मुंबई, नौ अगस्त महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद एकनाथ शिंदे अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार आज यानी मंगलवार को करेंगे।
शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
एक अधिकारी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह दक्षिण मुंबई में राज भवन में सुबह 11 बजे होगा।
एक पूर्व मंत्री ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि कुल 18 मंत्री शपथ लेंगे। इनमें शिंदे गुट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नौ-नौ मंत्री शामिल होंगे।
इसके साथ ही महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या 20 हो जाएगी, जो अधिकतम 43 सदस्यों की संख्या से आधी से भी कम है।
शिंदे ने जून में शिवसेना से बगावत की थी और कई बागी नेताओं के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोग से सरकार बना ली थी।
सूत्रों ने बताया कि शिंदे पर बागी नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह देने का भारी जिम्मा होगा। शिंदे गुट से उदय सामंत, दादा भुसे, संदीपन भुमरे, राजेंद्र पाटिल याद्रवकर, शंभूराज देसाई, गुलाबराव पाटिल, संजय शिरसत, दीपक केसरकर और बच्चू कादु के नाम मंत्री पद की दौड़ में आगे चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, सुधीर मुन्गंतीवार, गिरीश महाजन, राधाकृष्ण विखे पाटिल, सुरेश खाडे, अतुल सावे, मंगलप्रधान लोढा, विजयकुमार गावित और रवींद्र चह्वाण को मंत्री बनाया जा सकता है।
वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार ने दावा किया कि शिंदे ने उनके खेमे में आने वाले प्रत्येक विधायक को मंत्री पद देने का वादा किया था। उन्होंने कहा, ‘‘अब शिंदे अपना वादा पूरा नहीं कर पा रहे हैं इसलिए मंत्रिमंडल विस्तार में देरी हुई है। मुख्यमंत्री को देरी की वजह बतानी चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)