देश की खबरें | महाराष्ट्र भाजपा की नई कार्यकारिणी घोषित, पंकजा मुंडे को राष्ट्रीय स्तर की भूमिका मिलेगी

मुंबई, तीन जुलाई महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने शुक्रवार को राज्य में पार्टी की नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए कहा कि जल्दी ही पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे को पार्टी में राष्ट्रीय स्तर की भूमिका मिलेगी।

एक संवाददाता सम्मलेन में पाटिल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका के अलावा मुंडे को भाजपा की कोर कमेटी का सदस्य भी बनाया जाएगा।

यह भी पढ़े | पीएम मोदी ने असम में बाढ़ के चपेट में आने से जान गवानें वाले व्यक्तियों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की : 3 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

देवेंद्र फडणवीस नीत पूर्ववर्ती सरकार में राजस्व मंत्री रहे पाटिल को पिछले साल जुलाई में राज्य भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था।

उसी समय से प्रदेश की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया लंबित थी।

यह भी पढ़े | पीएम मोदी ने गलवान घाटी झड़प में घायल सैनिकों से कहा- ‘आपने करारा जवाब दिया’.

पाटिल ने कहा, “नई कार्यकारिणी में 68 कार्यकारी समिति के सदस्य, 12 उपाध्यक्ष, पांच महासचिव, 12 सचिव, एक कोषाध्यक्ष और एक संगठन महासचिव होंगे। इनके अलावा 139 आमंत्रित और 58 विशेष रूप से आमंत्रित सदस्य होंगे।”

उन्होंने कहा, “मुंडे को जल्दी ही पार्टी में राष्ट्रीय स्तर की भूमिका दी जाएगी। उन्हें भाजपा की कोर कमेटी का सदस्य भी बनाया जाएगा।”

भाजपा के कद्दावर दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुंडे पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में परली सीट पर अपने चचेरे भाई और राकांपा नेता धनंजय मुंडे से हार गई थीं।

विधानसभा चुनाव में हार और 21 मई को विधान परिषद चुनाव में टिकट न मिलने से पंकजा के निराश और नाराज होने की खबरें आई थीं।

प्रदेश की नई कार्यकारिणी में 12 उपाध्यक्ष होंगे जिनमें पूर्व मंत्री राम शिंदे, अन्य पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक जयकुमार रावल और संजय कुटे शामिल होंगे।

पाटिल ने कहा कि बीड से सांसद और पंकजा की छोटी बहन प्रीतम मुंडे और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता माधव भंडारी भी कार्यकारी समिति में उपाध्यक्ष होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)