देश की खबरें | महाराष्ट्र : धुले में उग्र भीड़ के पथराव में 12 पुलिसकर्मी घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के धुले जिले में एक राजमार्ग पर दो समूहों के बीच झड़प के बाद मामला शांत कराने पहुंची पुलिस पर पथराव में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 11 अगस्त महाराष्ट्र के धुले जिले में एक राजमार्ग पर दो समूहों के बीच झड़प के बाद मामला शांत कराने पहुंची पुलिस पर पथराव में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे शिरपुर तालुका के सांगवी गांव में मुंबई-आगरा राजमार्ग (एनएच-3) पर हुई।

उन्होंने बताया कि दो समूहों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन किया और राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध कर दी।

अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर राजमार्ग पुलिस के शिरपुर प्रभारी नरेंद्र पवार टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और यातायात बहाल करने की कोशिश की, तभी गुस्साई भीड़ ने उन पर पथराव शुरू कर दिया।

उन्होंने बताया कि पथराव में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने कहा कि भीड़ ने राजमार्ग पुलिस के दो वाहनों में भी तोड़फोड़ की और कुछ महत्वपूर्ण उपकरण और दस्तावेज गायब हैं।

उन्होंने बताया कि सांगवी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\