देश की खबरें | मध्यप्रदेश : बाड़े से पांच और चीते छोड़े गए, अब केएनपी के जंगल में सात चीते घूम रहे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में कुनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में बुधवार को पांच और चीतों को बाड़े से जंगल में छोड़ा गया। इसके साथ ही केएनपी में कुल 26 चीतों में से सात अब जंगल में हैं।
श्योपुर, पांच फरवरी मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में कुनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में बुधवार को पांच और चीतों को बाड़े से जंगल में छोड़ा गया। इसके साथ ही केएनपी में कुल 26 चीतों में से सात अब जंगल में हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दोपहर में मादा चीता धीरा और आशा तथा आशा के तीन शावकों को जंगल में छोड़ा। उन्होंने अधिकारियों के साथ चीता परियोजना की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा, "यह देखकर बेहद खुशी हो रही है कि एशिया से विलुप्त हो चुके चीते मध्यप्रदेश में अपना कुनबा बढ़ा रहे हैं।"
यादव ने मंगलवार को जानकारी साझा की थी कि चीता वीरा के दो शावकों ने जन्म लिया है। केएनपी में अब 14 शावकों सहित 26 चीते हैं।
इससे पहले पिछले साल दिसंबर में, चीता वायु और अग्नि को उनके बड़े बाड़ों से जंगल में छोड़ा गया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितंबर, 2022 को आठ नामीबियाई चीतों - पांच मादा और तीन नर - को केएनपी के बाड़ों में छोड़ा था। यह शिकार और आवास के नुकसान के कारण भारत में चीतों के विलुप्त होने के सात दशक बाद दुनिया का पहला अंतरमहाद्वीपीय चीतों का स्थानांतरण था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)