देश की खबरें | मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनाव: भाजपा ने जीती 17 सीटें, कांग्रेस को मिली आठ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में अभी तक 25 सीटों के परिणाम घोषित हुए हैं और इनमें से 17 सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा ने जीत दर्ज की है, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के खाते में आठ सीटें गई हैं।
भोपाल, 10 नवंबर मध्यप्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में अभी तक 25 सीटों के परिणाम घोषित हुए हैं और इनमें से 17 सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा ने जीत दर्ज की है, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के खाते में आठ सीटें गई हैं।
वहीं, बाकी तीन सीटों पर प्राप्त रुझान के अनुसार, दो सीटों पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस बढ़त बनाये हुए है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने अब तक जो 17 सीटें जीती हैं, वे हैं.... अम्बाह, ग्वालियर, भांडेर, पोहरी, बमोरी, अशोक नगर, मुंगावली, सुरखी, मलहरा, अनूपपुर, सांची, हाटपिपल्या, मांधाता, नेपानगर, बदनावर, जौरा और सुवासरा।
कांग्रेस ने अब तक आठ सीटों, सुमावली, मुरैना, दिमनी, गोहद, डबरा, करैरा, ब्यावरा और आगर पर जीत दर्ज की है।
भाजपा मेहगांव और सांवेर सीटों पर आगे चल रही है। सांवेर से प्रदेश के मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी तुलसीराम सिलावट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के प्रेमचंद गुड्डू पर 52,795 मतों की लगभग अजेय बढ़त बना ली है, जबकि मेहगांव से मंत्री ओपीएस भदौरिया (भाजपा) अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हेमंत कटारे (कांग्रेस) से 11,833 मतों से आगे चल रहे हैं।
ग्वालियर पूर्व सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सतीश सिकरवार ने भाजपा के मुन्नालाल गोयल पर 8,159 मतों की बढ़त बना ली है।
विधानसभा उपचुनाव के तहत 28 सीटों पर तीन नवंबर को मतदान हुआ था और मंगलवार 10 नवंबर को मतगणना हो रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)