जरुरी जानकारी | एलएंडटी ने चंद्रयान-3 के विभिन्न पुर्जों की आपूर्ति की

नयी दिल्ली, 13 जुलाई लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने भारत के चंद्रमा मिशन ‘चंद्रयान-3’ के लिए विभिन्न पुर्जों की आपूर्ति की है।

कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि इस मिशन के लिए ''मध्य खंड और नोजल बकेट फ्लैंज'' जैसे पुर्जों का विनिर्माण पवई स्थित उसके संयंत्र में किया गया। इसके अलावा ‘ग्राउंड और फ्लाइट अम्बिलिकल प्लेट’ जैसे घटक कोयंबटूर स्थित कंपनी के एयरोस्पेस विनिर्माण संयंत्र में तैयार किए गए।

एलएंडटी डिफेंस के कार्यकारी उपाध्यक्ष और प्रमुख ए टी रामचंदानी ने कहा, ‘‘अंतरिक्ष क्षेत्र भारतीय उद्योग के लिए खुल रहा है और हम भविष्य के अंतरिक्ष कार्यक्रमों में बड़ी भूमिका निभाने के लिए इसरो के साथ मिलकर काम करेंगे।’

कंपनी ने बताया कि इन सभी पुर्जों कों की आपूर्ति तय समय से पहले कर दी गई थी।

एलएंडटी ने आगे कहा कि वह इसरो के चंद्रयान-1 और चंद्रयान-2, गगनयान और मंगलयान मिशन के लिए हार्डवेयर बनाने में भी शामिल रही है।

भारत का तीसरा चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ 14 जुलाई को दोपहर 2:35 बजे उड़ान भरने के लिए तैयार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)