देश की खबरें | ईडी अधिकारियों के नाम पर धन लेने के आरोपी व्यापारी के खिलाफ महाराष्ट्र एसीबी का लुकआउट सर्कुलर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के नामों पर विभिन्न निजी कंपनियों से 58.96 करोड़ रुपये वसूलने के आरोपी व्यापारी जितेन्द्र नवलानी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है।
मुंबई, 12 मई महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के नामों पर विभिन्न निजी कंपनियों से 58.96 करोड़ रुपये वसूलने के आरोपी व्यापारी जितेन्द्र नवलानी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने जानना चाहा कि कहीं आरोपी देश छोड़कर भाग तो नहीं गया है। उन्होंने कहा, अगर वह (नवलानी) देश छोड़कर भाग गया है तो पक्का ‘‘कुछ अधिकार संपन्न लोगों’’ ने भागने में उसकी मदद की होगी।
राउत ने ही आरोप लगाया था कि ईडी अधिकारियों के इशारे पर नवलानी ने बिल्डरों और उद्यमियों से करोड़ों रुपये ऐंठे हैं।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया, ‘‘एसीबी ने नवलानी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है।’’
कुछ पहले पहले ही एसीबी ने ईडी अधिकारियों के नामों का इस्तेमाल करके विभिन्न उद्यमियों से वसूली करने को लेकर नवलानी एवं अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधी कानून की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘प्राथमिकी दर्ज होने के बाद नवलानी पहुंच से बाहर है और उसने एसीबी द्वारा भेजे गए सम्मन का जवाब भी नहीं दिया। इसके मद्देनजर एजेंसी ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है।’’
मई के पहले सप्ताह में दर्ज की गयी प्राथमिकी के अनुसार, नवलानी ने 2015 और 2021 के बीच 58.96 करोड़ रुपये वसूले हैं। एसीबी ने पहले दावा किया था कि दक्षिणी मुंबई में कोलाबा के रहने वाले नवलानी ने ईडी अधिकारियों के नाम पर विभिन्न कंपनियों से पैसे वसूले और खोखा कंपनियां बनाकर ऋण भी लिया।
एसीबी के अनुसार, उन्होंने (नवलानी एवं अन्य ने) इन कंपनियों को सरकार के साथ उनके मसले निपटाने में मदद करने का कथित रूप से वादा किया था।
संजय राउत ने मार्च में आरोप लगाया था कि नवलानी ने ईडी अधिकारियों की शह पर बिल्डरों और उद्यमियों से करोड़ों रुपये वसूले हैं।
बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में राउत ने कहा, ‘‘एसीबी ने नवलानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच भी शुरु हो गई है। आर्थिक अपराध शाखा ने भी उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी है। अगर वह (देश छोड़कर) भाग गया है तो पक्का कुछ अधिकार संपन्न लोगों ने इसमें उसकी मदद की होगी।’’
शिवसेना के नेता ने सवाल किया, ‘‘क्या प्रभावशाली लोगों ने देश से भागने में उसकी मदद की है?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)