देश की खबरें | लोकसभा चुनाव छठा चरण: गणमान्य व्यक्ति, राजनेता और पहलवान वोट डालने के लिए कतार में लगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सहित कई गणमान्य व्यक्तियों और राजनेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में अपना मत डाला जबकि हरियाणा में बबीता फोगाट और योगेश्वर दत्त जैसे कई दिग्गज पहलवानों ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के छठे चरण में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
नयी दिल्ली, 25 मई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सहित कई गणमान्य व्यक्तियों और राजनेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में अपना मत डाला जबकि हरियाणा में बबीता फोगाट और योगेश्वर दत्त जैसे कई दिग्गज पहलवानों ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के छठे चरण में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
देश में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 58 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ। इसके साथ ही ओडिशा की 42 विधानसभा सीटों के लिए भी मतदान हुआ।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सुबह करीब नौ बजे राष्ट्रपति संपदा के तहत डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया जबकि उपराष्ट्रपति धनखड़ ने दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू में सीपीडब्ल्यूडी सेवा केंद्र में मतदान केंद्र पर मतदान किया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी सहित कई राजनेताओं ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ दिल्ली में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने अपने परिवार के साथ दिल्ली में वोट डाला। भारत के प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने भी राष्ट्रीय राजधानी में मतदान किया।
हरियाणा में फोगाट, दत्त और रीतिका हुडा जैसे दिग्गज पहलवानों को मतदान केंद्रों के बाहर कतारों में खड़ा देखा गया।
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र में एक वरिष्ठ नागरिक मोहम्मद सुल्तान घोड़े पर सवार होकर वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे।
पूर्व सांसद और ओडिशा के मंत्री श्रीबल्लभ पाणिग्रही के बेटे अनिवासी भारतीय (एनआरआई) प्रियदर्शी पाणिग्रही ने ओडिशा में एक साथ होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में अपना वोट डालने के लिए दुबई से यहां पहुंचे।
ओडिशा में नयागढ़ विधानसभा क्षेत्र के भापुर क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर बीमार पड़ी एक बुजुर्ग महिला मतदाता की अस्पताल में मौत हो गई जबकि ढेंकनाल लोकसभा सीट के हिंडोल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक बूथ पर एक मतदान एजेंट की मौत हो गई।
ओडिशा के कुछ हिस्सों से ऐसी खबरें आईं कि बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध को लेकर निराशा व्यक्त की और कुछ लोग वोट डाले बिना ही लौट गए।
झारखंड के रांची में शहर में स्थित मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने मतदाताओं को मुफ्त में लाने ले जाने की सुविधा प्रदान करने के लिए एक बाइक-टैक्सी 'एग्रीगेटर' के साथ समझौता किया।
जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र के तहत सेहर और मकरी में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास स्थित इलाकों में रहने वाले लोगों ने सीमा पार से गोलाबारी के डर के बिना अपना वोट डाला।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)