देश की खबरें | एलडीएफ ने पुथुपल्ली विधानसभा उपचुनाव के लिए जैक थॉमस को उम्मीदवार घोषित किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने शनिवार को पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए डीवाईएफआई नेता जैक सी थॉमस को उम्मीदवार घोषित किया है।
कोट्टायम, 12 अगस्त केरल के सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने शनिवार को पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए डीवाईएफआई नेता जैक सी थॉमस को उम्मीदवार घोषित किया है।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी ने पांच दशक से अधिक समय तक पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
माकपा की जिला समिति के सदस्य थॉमस की उम्मीदवारी की घोषणा पार्टी के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने यहां एक प्रेस वार्ता में की।
पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र से थॉमस का यह लगातार तीसरा चुनावी मुकाबला है। वह 2016 और 2021 के विधानसभा चुनाव में ओमन चांडी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे थे।
कैंसर से जूझ रहे ओमन चांडी के 18 जुलाई को हुए निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने इस निर्वाचन क्षेत्र से ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को मैदान में उतारा है।
माकपा ने राज्य सचिवालय और कोट्टायम जिला समिति सहित अपने विभिन्न मंचों पर गहन चर्चा के बाद थॉमस की उम्मीदवारी को अंतिम रूप दिया है।
इस सीट पर उपचुनाव पांच सितंबर को होगा और नतीजे आठ सितंबर को घोषित किए जाएंगे ।
पार्टी उम्मीदवार की घोषणा करते हुए, गोविंदन ने कहा कि उनकी पार्टी का इरादा किसी को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाने का नहीं है, बल्कि वह राजनीति और वाम सरकार की विकासात्मक पहलों पर बात करेगी।
वरिष्ठ वामपंथी नेता ने मीडिया के एक वर्ग की आलोचना की और उस पर राज्य में विकास का लगातार विरोध करने के लिए विपक्ष और दक्षिणपंथियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया।
गोविंदन ने कहा, ‘‘वाम सरकार के 2021 में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के बाद, विपक्ष और मीडिया के एक वर्ग ने यह जान लिया कि लोग विकास के लिए वोट करते हैं। इसलिए अब वे वाम सरकार की सभी विकासात्मक गतिविधियों को कमतर करने की कोशिश कर रहे हैं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी कांग्रेस का ‘‘एकमात्र एजेंडा’’ केरल में किसी भी प्रकार की विकासात्मक परियोजना को स्वीकार नहीं करना है।
गाविंदन ने कहा, ‘‘हमारे पास कई उदाहरण हैं, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग का विकास, के-रेल, के-फॉन और एआई कैमरा समेत अन्य परियोजना शामिल हैं।’’
इस सीट पर भाजपा के भी जल्द उम्मीदवार घोषित करने की उम्मीद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)