देश की खबरें | शाहजहांपुर कचहरी परिसर में वकील ने अन्य अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिला कचहरी परिसर में एक अधिवक्ता ने सरेआम एक अन्य वकील की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), 18 अक्टूबर उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिला कचहरी परिसर में एक अधिवक्ता ने सरेआम एक अन्य वकील की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने बताया कि आज अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम) के न्यायालय की तीसरी मंजिल पर स्थित कार्यालय में अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह एक क्लर्क के पास खड़े होकर उसे अपने मुकदमे के संबंध में बात कर रहे थे और इसी दौरान गोली लगने से वह गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना के बाद बार एसोसिएशन ने हत्या के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि मृतक अधिवक्ता के भाई योगेंद्र प्रताप की तहरीर पर अधिवक्ता सुरेश कुमार गुप्ता, गौरव गुप्ता एवं अंकित गुप्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सुरेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि भूपेंद्र सिंह ने आरोपी अधिवक्ता सुरेश गुप्ता पर दो दर्जन मुकदमे दायर कर रखे थे जिसको लेकर वह परेशान थे और इसी के चलते उसने इस अपराध को अंजाम दिया है।

कुमार ने बताया कि न्यायालय परिसर में हत्या जैसे अपराध होना गंभीर लापरवाही है और इसी के चलते एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का एक पैनल भी बना दिया गया है।

बार एसोसिएशन के महासचिव अनीत कुमार त्रिवेदी ने 'पीटीआई-' को बताया कि एसोसिएशन ने निर्णय लिया था कि जब तक मृतक अधिवक्ता के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल रहेगी। अब चूंकि आरोपी गिरफ्तार हो चुका है इसलिए इस बारे में कल पूर्वाह्न 11 बजे होने वाली बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now