देश की खबरें | दिवंगत एडीएम भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं थे: केरल के राजस्व मंत्री राजन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के राजस्व मंत्री के. राजन ने रविवार को कहा कि विभाग ने कन्नूर के पूर्व अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) नवीन बाबू की मौत की आंतरिक जांच पूरी कर ली है और रिपोर्ट सौंप दी है।
तिरुवनंतपुरम, नौ मार्च केरल के राजस्व मंत्री के. राजन ने रविवार को कहा कि विभाग ने कन्नूर के पूर्व अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) नवीन बाबू की मौत की आंतरिक जांच पूरी कर ली है और रिपोर्ट सौंप दी है।
बाबू ने कन्नूर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष पी.पी. दिव्या द्वारा उनके विदाई समारोह में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
राजन ने संवाददाताओं से बातचीत में स्पष्ट किया कि यह एक ‘‘तथ्यान्वेषी जांच’’ थी, जो वरिष्ठ अधिकारी के भ्रष्टाचार में लिप्त होने और जानबूझकर एक फाइल में देरी करने के दावों के बाद शुरू की गई थी।
भूमि राजस्व की संयुक्त आयुक्त ए गीता द्वारा की गई राजस्व विभाग की जांच में दिवंगत एडीएम के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई सबूत नहीं मिला। इस रिपोर्ट के मद्देनजर मंत्री की प्रतिक्रिया आई।
राजन ने कहा, ‘‘भूमि राजस्व संयुक्त आयुक्त ने जांच की और तथ्यों एवं दस्तावेजों के आधार पर यह साबित हुआ कि एडीएम नवीन बाबू किसी भी भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं थे।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और जांच करने वाली एजेंसी अपनी जांच में राजस्व विभाग के निष्कर्षों की मदद ले सकती है।
विभाग की रिपोर्ट में कथित तौर पर संकेत दिया गया है कि बाबू के विदाई समारोह में आरोपी, कन्नूर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष दिव्या का पहुंचना पूर्व नियोजित था।
हालांकि, राजन ने स्पष्ट किया कि राजस्व विभाग मामले से जुड़ी किसी भी साजिश की जांच नहीं कर सकता, क्योंकि यह पुलिस के दायरे में आता है।
पुलिस जांच की प्रगति को लेकर पूछे गए सवाल पर राजन ने कहा कि चूंकि मामला अदालत में है, इसलिए वह मंत्री के तौर पर कोई विशेष बयान देने से बचेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘जांच पूरी होने दीजिए। फिलहाल हमारा विश्वास है कि नवीन बाबू के परिवार को न्याय मिलेगा। यदि नहीं मिला तो हम उस समय मामले की जांच कर सकते हैं।’’
इससे पहले, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रदेश सचिव बिनॉय विश्वम ने कहा कि सरकार ने मामले पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए एक वरिष्ठ राजस्व अधिकारी को नियुक्त किया, जो इस मुद्दे पर वामपंथी सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
उन्होंने मीडिया से कहा, ‘‘सच्चाई सामने आएगी और जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाना चाहिए।’’
बाबू के परिवार द्वारा की गई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच की मांग के बारे में पूछे जाने पर विश्वम ने कहा कि वह उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं।
नवीन बाबू के परिवार ने उनकी मौत की सीबीआई जांच का आदेश देने के लिए केरल उच्च न्यायालय का रुख किया है।
पिछले साल 14 अक्टूबर को जिलाधिकारी कार्यालय में विदाई समारोह में कथित तौर पर बिना बुलाए शामिल हुईं दिव्या ने चेंगलाई में पेट्रोल पंप की मंजूरी में कई महीनों की देरी के लिए बाबू की आलोचना की थी और टिप्पणी की थी कि उन्होंने तबादला होने के दो दिन बाद ही इसकी मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा था कि वह अचानक मंजूरी देने के पीछे के कारणों को जानती हैं। अगले दिन बाबू कन्नूर स्थित अपने आवास में मृत पाए गए थे।
अधीनस्थ अदालत द्वारा दिव्या की अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद इस घटना के सिलसिले में दिव्या को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बाद में, उन्हें नियमित जमानत पर रिहा कर दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)