देश की खबरें | लालपुरा ने मान को पत्र लिखा, विस्फोटों की जांच को लेकर समयबद्ध कार्रवाई के लिए कहा

नयी दिल्ली, नौ मई राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने पिछले दिनों पंजाब के अमृतसर में हुए दो विस्फोटों के संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर कहा है कि वह मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी के लिए समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दें।

आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।

लालपुरा ने पत्र में कहा, ‘‘लाखों तीर्थयात्रियों के बीच यह भावना है कि पहले विस्फोट और उस घटना की पुनरावृत्ति की त्वरित जांच के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस तरह की घटनाएं लोगों के मन में डर पैदा करती हैं और उन्हें धार्मिक स्थलों की यात्रा करने से रोकती हैं।’’

उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी कहा कि अल्पसंख्यक सिख समुदाय के हितों की रक्षा के लिए उपाय करने और उभरती चुनौतियों के मद्देनजर सिख समुदाय में विश्वास पैदा करने के लिए कदम उठाए जाएं।

उल्लेखनीय है कि पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास एक ‘हेरिटेज स्ट्रीट’ पर सोमवार को कम तीव्रता का विस्फोट हुआ, जो 30 घंटे से भी कम समय में इस क्षेत्र में हुआ दूसरा विस्फोट था। इस विस्फोट में एक व्यक्ति घायल हो गया।

गत शनिवार को हुए विस्फोट में एक व्यक्ति घायल हो गया था और कुछ इमारतों की खिड़कियों के शीशे टूट गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)