देश की खबरें | कोविड-19 : इंदौर में संक्रमितों की संख्या 4,090 हुई , अब तक 178 मरीजों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 21 नये मामले सामने आए हैं और इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल तादाद 4,069 से बढ़कर 4,090 हो गयी है।
इंदौर (मध्यप्रदेश),16 जून देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 21 नये मामले सामने आए हैं और इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल तादाद 4,069 से बढ़कर 4,090 हो गयी है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि संक्रमित होने के बाद अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान 82 वर्षीय पुरुष समेत चार मरीजों की मौत हो गयी।
बहरहाल, स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि इन मरीजों की मौत किस तारीख को हुई।
मौत के चार और मामलों का ब्योरा दिये जाने के बाद जिले में कोविड-19 की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 178 पर पहुंच गयी है।
अधिकारी ने बताया कि इलाज के बाद संक्रमण मुक्त होने पर अब तक जिले के 2,982 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि उपचार के बाद इस महामारी से उबरने वालों की दर (रिकवरी रेट) मंगलवार सुबह तक करीब 73 प्रतिशत थी, जबकि इनकी मृत्यु दर 4.35 फीसद।
आंकड़ों के मुताबिक जिले में कोविड-19 के नये मरीजों की तादाद में पिछले 15 दिनों में कमी आयी है। लेकिन इनकी मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से ज्यादा बनी हुई है।
कोविड-19 का प्रकोप कायम रहने के कारण इंदौर जिला अब भी रेड जोन में ही है। जिले में इस प्रकोप की शुरुआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी।
हर्ष
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)