कोविड-19 : घनी बस्तियों से नमूने एकत्र करेगी मोबाइल वैन
मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, कोरोना वायरस के खिलाफ अभियान में परीक्षण के दायरे को बढ़ाने में अहम योगदान देते हुये त्रिपुरा के अगरतला स्मार्ट सिटी मिशन ने तीन पहिया मोबाइल वैन विकसित की है। इसे कोविड-19 सैंपल कलेक्शन कियोस्क नाम दिया गया है।
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल आवास एवं शहरी विकास मामलों के मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले अगरतला स्मार्ट सिटी मिशन ने एक मोबाइल वैन तैयार की है जो कोरोना वायरस संक्रमण के परीक्षण के लिये घनी आबादी वाली बस्तियों से भी लोगों के नमूने एकत्र करेगी। इस वैन की मदद से महानगरीय इलाकों की संकरी गलियों को भी परीक्षण के दायरे में लाया जा सकेगा।
मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, कोरोना वायरस के खिलाफ अभियान में परीक्षण के दायरे को बढ़ाने में अहम योगदान देते हुये त्रिपुरा के अगरतला स्मार्ट सिटी मिशन ने तीन पहिया मोबाइल वैन विकसित की है। इसे कोविड-19 सैंपल कलेक्शन कियोस्क नाम दिया गया है।
स्वास्थ्य महकमे को उपयोग में लाये जाने के लिये सौंपे गये इन वाहनों में, कोविड-19 संक्रमण के संदिग्ध मरीजों के नमूने एकत्र करने के वास्ते स्वास्थ्यकर्मियों के लिये पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किये गये हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुये देश में परीक्षण के दायरे को बढ़ाने के लिये घर घर जाकर नमूने एकत्र करने में यह मोबाइल वैन मददगार साबित होगी।
इसकी मदद से महानगरीय इलाकों में घनी आबादी वाले क्षेत्रों की संकरी गलियों में जाकर नमूने एकत्र करना आसान होगा। मंत्रालय ने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुये बताया कि संदिग्ध मरीजों को कोरोना वायरस परीक्षण के लिये अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस वैन में कम समय में सामूहिक परीक्षण के लिये भी नमूने एकत्र करने की सुविधा मुहैया करायी गयी है।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के संक्रमण का दायरा बढ़ने के मद्देनजर स्वास्थ्य मंत्रालय ने परीक्षण का दायरा भी बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)