देश की खबरें | कोटकपुरा गोलीबारी मामला: एसआईटी ने फरीदकोट की अदालत में पूरक आरोप पत्र दायर किया

चंडीगढ़, 25 अप्रैल पंजाब के कोटकपुरा में 2015 में हुई गोलीबारी की घटना की छानबीन कर रहे राज्य पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने फरीदकोट की एक स्थानीय अदालत में मंगलवार को पूरक आरोप पत्र दायर किया। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

गोलीबारी की इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी।

अवर पुलिस महानिदेशक एल के यादव की अध्यक्षता वाले एसआईटी ने 2,400 पन्नों का आरोप पत्र दायर किया है।

इससे पहले एसआईटी ने 24 फरवरी को इस मामले में 7,000 पन्नों का आरोप पत्र दायर किया था।

पहले आरोप पत्र में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उस समय के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुमेध सैनी और अन्य को नामज़द किया गया था।

उस आरोप पत्र में सुखबीर बादल और सैनी को फरीदकोट में धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी की तीन घटनाओं में सरकार की नाकामी को छिपाने के लिए अवैध तरीके से अधिक बल प्रयोग की साजिश रचने का ‘मास्टरमाइंड’ करार दिया गया था। वहीं सात हजार पन्नों के आरोप पत्र में प्रकाश सिंह बादल पर ‘ साजिश को अमलीजामा पहनाने में मदद करने’’ का आरोप लगाया गया था।

गौरतलब है कि यह मामला वर्ष 2015 में फरीदकोट में गुरु ग्रंथ साहिब के ‘बीर’ (प्रति) की चोरी, बेअदबी वाले पोस्टर लगाने और बारगढ़ी में पवित्र पुस्तक के फटे पन्ने मिलने से जुड़ा है। इसके खिलाफ फरीदकोट के कोटकपुरा में प्रदर्शन हुआ था और भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस द्वारा चलाई गई गोलियों से दो लोगों गुरजीत सिंह और किशन भगवान सिंह की मौत हो गई थी जबकि कई अन्य घायल हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)