नयी दिल्ली, 19 जनवरी ओलंपिक कांस्य पदक विजेता इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका गिनटिंग ने शुक्रवार को यहां इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के ली च्युक यीयू के खिलाफ हार के बाद स्वीकार किया कि उन्हें पहले ही अंदाजा था कि यह मुकाबला काफी कड़ा होने वाला है।
हांगकांग के दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी ली च्युक ने उलटफेर करते हुए बेहद कड़े मुकाबले में चौथे वरीय गिनटिंग को एक घंटे और पांच मिनट में 21-17, 18-21, 21-13 से हराया।
गिनटिंग ने मैच के बाद कहा, ‘‘मैं मुकाबले से पहले पहले सोच रहा था कि आज का मुकाबला कल (प्री क्वार्टर फाइनल) से अधिक कठिन होगा क्योंकि हम दोनों आक्रामक शैली में खेलते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी विशेषज्ञता के अनुसार मौका बनाने का प्रयास कर रहे थे। इसलिए मुझे लगता है कि आखिरी गेम काफी महत्वपूर्ण था। अब मुझे भविष्य के टूर्नामेंट पर ध्यान लगाना होगा।’’
गिनटिंग ने भारतीय प्रशंसकों की सराहना की और कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा था मानो वह जकार्ता में खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी मैं खेलने आया, जब भी मैं कोर्ट पर उतरा, बहुत सारे प्रशंसक मेरा हौसला बढ़ा रहे थे। मेरा और मेरे देश का नाम चिल्ला रहे थे। ऐसा लगा जैसे मैं जकार्ता में अपने घर में खेल रहा हूं। मैं समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।’’
ली च्युक ने कहा कि वह थकान महसूस कर रहे थे लेकिन इसके बावजूद संयम रखते हुए जीत दर्ज करने में सफल रहे।
हांगकांग के इस खिलाड़ी ने कहा, ‘‘मैंने अच्छी शुरुआत की और नेट पर तथा कुल मिलाकर अच्छा खेल दिखाया। मैंने गलती करते हुए दूसरा गेम गंवाया लेकिन मुझे धीरे-धीरे विश्वास हो गया कि मैं जीत दर्ज कर लूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘थोड़ी थकान महसूस हो रही है लेकिन मुझे अपने शरीर की परवाह नहीं है। मुझे लगता है कि मैं सही हूं और मुझे अपने कोच योहान पर भरोसा है। हम एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं इसलिए ट्रेनिंग में कड़ी मेहनत कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY