देश की खबरें | मणिपुर के लिए जरूरी चीजों की आवाजाही के वास्ते खोंगसांग स्टेशन खोला गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने हिंसा प्रभावित मणिपुर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए सोमवार को खोंगसांग स्टेशन खोल दिया। एनआरएफ ने कहा कि अब खोंगसांग स्टेशन से लोडिंग और अनलोडिंग दोनों की जा सकेंगी।
गुवाहाटी, 17 जुलाई पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने हिंसा प्रभावित मणिपुर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए सोमवार को खोंगसांग स्टेशन खोल दिया। एनआरएफ ने कहा कि अब खोंगसांग स्टेशन से लोडिंग और अनलोडिंग दोनों की जा सकेंगी।
एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे ने एक बयान में कहा कि मणिपुर में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर राज्य में आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई थी।
उन्होंने कहा, "राज्य सरकार के सहयोग से एनएफआर मणिपुर में आवश्यक वस्तुओं और खाद्य पदार्थों की आवाजाही के लिए पहल कर रहा है।" उन्होंने कहा कि मणिपुर के खोंगसांग रेलवे स्टेशन को लोडिंग और अनलोडिंग के लिए खोल दिया गया है।
खोंगसांग स्टेशन को 2022 में जिरीबाम-इम्फाल नई लाइन परियोजना के तहत बनाया गया था, हालांकि यह अभी तक चालू नहीं हुआ था। तीन मई को राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद लाइन पर काम बंद कर दिया गया था।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक जून को मणिपुर के अपने दौरे के दौरान कहा था कि लोगों की आवाजाही और माल को लाने-ले जाने के लिए खोंगसांग में एक अस्थायी रेलवे स्टेशन कुछ दिनों के भीतर चालू कर दिया जाएगा।
डे ने कहा, "इंफाल में एक विपणन निरीक्षक को विशेष रूप से तैनात किया गया है, ताकि रेलवे के माध्यम से सामान बुक करने वाले मणिपुर के व्यापारियों को सुविधा हो।" उन्होंने कहा कि विपणन निरीक्षक, व्यापारियों को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा।
अधिकारी ने कहा, ''मणिपुर के सभी व्यापारी रोजाना सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक खोंगसांग स्टेशन पर आवश्यक वस्तुओं की बुकिंग कर सकते हैं।''
उन्होंने कहा, "राज्य के लिए विशेष मदद के तौर पर फिलहाल मणिपुर के लिए बोगियों को अलग-अलग बुक करने की अनुमति दी गई है।" अधिकारी ने कहा कि महाराष्ट्र से प्याज, पश्चिम बंगाल से आलू और असम से एफएमसीजी उत्पाद पहले ही राज्य के लिए बुक किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में एनएफआर द्वारा की गई पहल से मणिपुर के लोगों को बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)