देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के कठुआ में भाषण के दौरान खरगे की तबीयत खराब हुई, इलाज के बाद फिर से भाषण दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया और कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सत्ता से बेदखल करने तक राजनीति में सक्रिय रहेंगे।

जसरोटा (जम्मू), 29 सितंबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया और कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सत्ता से बेदखल करने तक राजनीति में सक्रिय रहेंगे।

भाषण के दौरान हालांकि खरगे को चक्कर आ गया और मंच पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों एवं पार्टी के अन्य नेताओं ने उनकी मदद की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉक्टरों की जांच के बाद उनकी सेहत में सुधार था।

रैली स्थल पर चिकित्सा सहायता मिलने के बाद खरगे ने कहा, “हम राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए लड़ेंगे। कुछ भी हो, हम इसे छोड़ने वाले नहीं हैं। मैं 83 साल का हो गया हूं, मैं इतनी जल्दी मरने वाला नहीं हूं। जब तक (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी को सत्ता से नहीं हटाएंगे तब तक मैं जिंदा ही रहूंगा। आपकी बात सुनूंगा। आपके लिये लड़ूंगा।”

इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाद में कांग्रेस अध्यक्ष से बात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष को फोन किया और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे प्रियंक खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को जम्मू-कश्मीर के जसरोटा में एक जनसभा को संबोधित करते समय थोड़ी अस्वस्थता महसूस हुई।”

उन्होंने कहा, “उनकी मेडिकल टीम ने उनकी जांच की है और रक्तचाप कुछ कम होने के अलावा, उनकी हालत ठीक है। सभी की चिंता के लिए मैं बहुत आभारी हूं। उनका संकल्प और लोगों की शुभकामनाएं उन्हें मज़बूती से आगे बढ़ने में मदद कर रही हैं।”

कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “वह जसरोटा में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित कर रहे थे, तभी उन्हें बेचैनी महसूस हुई और चक्कर आने लगा। उनके सहयोगियों ने उन्हें कुर्सी पर बैठाने में मदद की।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now