देश की खबरें | केरल : राज्यपाल, फिल्मी सितारों समेत हजारों लोगों ने चांडी को अंतिम विदाई दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के पार्थिव शरीर के यहां पहुंचने के बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मलयालम सिनेमा के अनेक सितारों और विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं ने दिवंगत कांग्रेस नेता को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी।
कोट्टायम (केरल), 20 जुलाई केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के पार्थिव शरीर के यहां पहुंचने के बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मलयालम सिनेमा के अनेक सितारों और विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं ने दिवंगत कांग्रेस नेता को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी।
फिल्म अभिनेता ममूटी, सुरेश गोपी और दिलीप के साथ विभिन्न दलों के नेताओं समेत हजारों लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।
चांडी को श्रद्धांजलि देने के बाद राज्यपाल ने उनके परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उनके साथ कुछ समय बिताया।
चांडी का मंगलवार को बेंगलुरु के एक अस्पताल में निधन हो गया था।
इस बीच, मलयालम अभिनेता विनायकन केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के खिलाफ अपनी अप्रिय टिप्पणी के कारण मुसीबत में पड़ गए।
कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने दिवंगत राजनेता पर अभिनेता की टिप्पणी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कोट्टायम में पुलिस और कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं को चांडी की अंतिम झलक पाने के लिए बेसब्र लोगों की बेतहाशा भीड़ को नियंत्रित करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
चांडी का पार्थिव शरीर कोट्टायम लाए जाने के बाद तिरुनक्कारा ग्राउंड में रखा गया है जहां हजारों लोग मौजूद थे। बारिश के बावजूद हजारों लोग अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए इंतजार कर रहे थे।
लोगों ने चांडी की पार्थिव देह पर पुष्प एवं पुष्पचक्र अर्पित कर प्रार्थना की और कुछ लोग तो इस दौरान रो पड़े।
चांडी के पार्थिव शरीर को तिरुवनंतपुरम से कोट्टायम लाए जाने में 24 घंटे से अधिक की देरी हो गयी थी जिसके कारण उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे लोगों के साथ-साथ सारी व्यवस्था संभाल रहे कर्मियों को भी जल्दबाजी करनी पड़ी।
पुलिस को भारी भीड़ को काबू में करने के लिए यह घोषणा करनी पड़ी कि हर किसी को दिवंगत नेता को अंतिम विदाई देने का मौका दिया जाएगा।
शुरुआती कार्यक्रम के अनुसार, पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए बुधवार को रखा जाना था और इसके परिणामस्वरूप कल से ही हजारों लोग आज सुबह तक अपने प्रिय नेता की झलक पाने के लिए इंतजार कर रहे थे।
भावनाओं के सैलाब के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक ‘‘वह (चांडी) मरे नहीं, वह हमारे अंदर जीवित हैं’’, ‘‘उनके जैसा कोई नहीं है’’ और ‘‘हमारा और कोई नेता नहीं है’’ जैसे नारे लगाते रहे।
लोगों द्वारा श्रद्धांजलि दिए जाने के बाद चांडी के पार्थिव शरीर को पुथुपल्ली में उनके आवास पर ले जाया जाएगा।
बाद में गांव के एक गिरजाघर में विशेष रूप से तैयार की गयी कब्र में उन्हें दफनाया जाएगा, जिसके साथ ही केरल की राजनीति में एक युग का अंत हो जाएगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, चांडी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
चांडी का अंतिम संस्कार उनकी इच्छा के अनुरूप बिना किसी राजकीय सम्मान के, सादगी से किया जाएगा। लेकिन उन्हें गिरजाघर में पादरियों की कब्रों के पास दफन किया जाना अपने आप में एक सम्मान है।
चांडी के दशकों तक गिरजाघर को दिए योगदान पर विचार करते हुए पुथुपल्ली में सेंट जॉर्ज ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्राधिकारियों द्वारा उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है।
सामान्य प्रथा के अनुसार, ईसाई धर्म में आम आदमी के पार्थिव शरीर को कब्रिस्तान में और पादरियों के पार्थिव शरीर को गिरजाघर के उत्तर या दक्षिण में स्थित एक विशेष क्षेत्र में दफनाया जाता है।
चांडी की अंतिम यात्रा तिरुवनंतपुरम से बुधवार सुबह सात बजकर 20 मिनट पर शुरू हुई थी। दशकों लंबे अपने राजनीतिक करियर में उन्होंने एक विधायक, कांग्रेस पार्टी के नेता और एक मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की राजधानी में अपने जीवन का बड़ा हिस्सा गुजारा।
चार जिलों तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा और अलप्पुझा में कई स्थानों से गुजरते हुए बस को काफी समय तक रुकना पड़ा क्योंकि लोग अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़े थे।
इसके कारण करीब 150 किलोमीटर की चांडी की अंतिम यात्रा में 27 घंटे से भी अधिक का वक्त लगा जबकि इसमें आम तौर पर तीन से चार घंटे लगते।
जब बस कोडिमथा में जिला कांग्रेस समिति कार्यालय पहुंची तो वह बेहद धीमी गति से आगे बढ़ पा रही थी क्योंकि लोग चांडी को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़े थे।
केरल के दो बार मुख्यमंत्री रहे चांडी ने बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में मंगलवार सुबह चार बजकर 25 मिनट पर अंतिम सांस ली। पार्टी सूत्रों ने बताया कि उनका कैंसर का इलाज चल रहा था। वह 79 वर्ष के थे।
इस बीच, अभिनेता विनायकन को दिवंगत चांडी को कथित तौर पर अपमानित करने वाले एक सोशल मीडिया पोस्ट के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने इसे वापस ले लिया।
बुधवार को व्यापक रूप से प्रसारित फेसबुक वीडियो में अभिनेता ने पूछा, “यह ओमन चांडी कौन हैं?” और “उनके निधन पर राज्य में तीन दिन का शोक क्यों घोषित किया गया है”।
‘कम्मत्ती पदम’ फिल्म के अभिनेता ने कोट्टायम जिले में पूर्व मुख्यमंत्री के पैतृक गांव पुथुपल्ली में उनके पार्थिव शरीर को ले जाने वाले जुलूस को दी गई व्यापक कवरेज के लिए मीडिया की भी आलोचना की।
सोशल मीडिया पर आक्रोश और विभिन्न हलकों से व्यापक आलोचना के बाद, विनायकन ने बाद में अपने फेसबुक अकाउंट से वीडियो वापस ले लिया।
चांडी के खिलाफ उनकी अरुचिकर टिप्पणी की निंदा करते हुए कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अभिनेता के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।
पार्टी के एक कार्यकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विनायकन ने सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस के दिग्गज नेता का अपमान किया और उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।
यहां एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि वे इसकी जांच कर रहे हैं और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ‘पीटीआई-’ को बताया, “हमें शिकायत मिली है। अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है। हम जांच कर रहे हैं कि क्या उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)