कोच्चि, 20 मई केरल के मट्टाकुझी इलाके में आंगनवाड़ी से मां द्वारा घर ले जाए जाने के बाद लापता हुई तीन साल की बच्ची का शव मंगलवार तड़के एक नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बच्ची की पहचान कल्याणी के रूप में हुई है। सोमवार रात परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से घंटों तक तलाश के बाद बच्ची का शव नदी से बरामद किया।
पुलिस ने मामले में बच्ची की मां संध्या को सोमवार रात ही हिरासत में ले लिया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने संदेह जताया कि मां ने ही बच्ची को नदी में फेंका है।
बच्ची के लापता होने के बाद जब मां के बयान विरोधाभासी पाए गए तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया, “पूछताछ के दौरान महिला ने बच्ची को छोड़ने के स्थान के बारे में उलझे हुए बयान दिए। उसने एक बार कहा कि उसने मूझिकुलम पुल से बच्ची को नदी में फेंक दिया था।"
उन्होंने बताया कि महिला सोमवार शाम को बच्ची को आंगनवाड़ी से ले गई थी, बाद में सीसीटीवी फुटेज से पुष्टि हुई कि महिला रात में अलुवा के पास मूझिकुलम क्षेत्र में आई थी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस द्वारा क्षेत्र में तथा गोताखोरों द्वारा नदी में की गई खोज के परिणामस्वरूप अंततः मंगलवार तड़के बच्ची का शव बरामद हुआ।
उन्होंने कहा, "महिला कुछ मनोवैज्ञानिक समस्याओं से पीड़ित बताई जा रही है। लेकिन अभी तक इसकी वैज्ञानिक पुष्टि नहीं हो पाई है।"
अधिकारी ने बताया कि बच्ची की मां से पूछताछ जारी है तथा उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY