देश की खबरें | केरल : निलंबित आईबी अधिकारी ने पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निलंबित अधिकारी सुकांत सुरेश ने सोमवार को यहां पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
कोच्चि, 26 मई खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निलंबित अधिकारी सुकांत सुरेश ने सोमवार को यहां पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
इससे कुछ ही समय पहले, केरल उच्च न्यायालय ने एक महिला सहकर्मी की मौत के सिलसिले में सुरेश के खिलाफ दर्ज ‘आत्महत्या के लिए उकसाने’ के मामले में उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी।
सुरेश ने तिरुवनंतपुरम में पेट्टा पुलिस द्वारा दर्ज मामले में सोमवार सुबह कोच्चि शहर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में, उन्हें पेट्टा पुलिस के हवाले करने से पहले आगे की कार्यवाही के लिए एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस थाने ले जाया गया।
इससे पहले दिन में, उच्च न्यायालय ने उनकी याचिका खारिज कर दी और कहा कि आरोपी ने पीड़िता पर स्पष्ट रूप से दबाव बनाया था और ऐसी परिस्थितियां थीं, जिनमें आरोपी ने पीड़िता (24) का आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया था।
खुफिया ब्यूरो अधिकारी मेघा इस साल 24 मार्च को यहां रेलवे ट्रैक पर मृत पाई गई थीं और उनके परिजनों ने इस घटना में सुरेश की संलिप्तता का आरोप लगाया था।
उनका शव तिरुवनंतपुरम शहर के चक्का इलाके के पास रेलवे पटरी पर मिला था। पथनमथिट्टा जिले की मूल निवासी मेघा यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आव्रजन अनुभाग में काम करती थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)