देश की खबरें | केरल : त्रिशूर रेलवे स्टेशन के पास ‘रेल गार्ड’ ऊपर उठा हुआ मिला, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिशूर रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार सुबह एक ‘रेल गार्ड’ ऊपर उठा हुआ पाए जाने के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

त्रिशूर (केरल), छह मार्च त्रिशूर रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार सुबह एक ‘रेल गार्ड’ ऊपर उठा हुआ पाए जाने के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ ही घंटों बाद पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के अन्नामलाई हरि (38) को गिरफ्तार कर लिया गया।

रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि संबंधित व्यक्ति पर चोरी के प्रयास का आरोप लगाया गया है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे रेलगाड़ी को पटरी से उतारने की मंशा तो नहीं थी।

हरि को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, सुबह चार बजकर 50 मिनट पर त्रिशूर-एर्नाकुलम डाउनलाइन पर जा रही एक मालगाड़ी स्टेशन से कुछ मीटर दूर ‘रेल गार्ड’ के उस हिस्से से गुजरी।

पुलिस को संदेह है कि इस घटना में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, क्योंकि ‘रेल गार्ड’ को एक व्यक्ति द्वारा नहीं उठाया जा सकता।

अधिकारियों को ऐसा भी लग रहा है कि लोहे की वस्तु को अकेले ले जाने में असफल रहने पर आरोपी ने उसे पटरी पर ही छोड़ दिया होगा।

रेलवे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रेल गार्ड लोहे की ऐसी वस्तु है जिसका उपयोग मुख्य रूप से निर्माण कार्यों में लोहे की प्लेटों को रेलमार्गों पर बिछाने से पहले उन्हें सही स्थान पर रखने के लिए किया जाता है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी शराब और मादक पदार्थों का आदी है तथा उसने स्वीकार किया है कि उसने लोहे की वस्तु को चुराने का प्रयास किया था ताकि उसे बेचकर नशीली चीजें खरीद सके।

हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विस्तृत जांच जारी है।

तिरुवनंतपुरम की ओर जा रही मालगाड़ी के चालक ने तुरंत रेलवे स्टेशन के अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

अधिकारी ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और केरल पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।

पिछले महीने कोल्लम जिले के कुंदरा में रेल पटरी पर लोहे का खंभा रखने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\