देश की खबरें | केरल : युवा कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद पार्टी का विरोध मार्च हुआ हिंसक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ममकूटथिल की हालिया हिंसक प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रीय पार्टी ने राज्य में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम सरकार के खिलाफ हमला तेज कर दिया है।

तिरुवनंतपुरम, 10 जनवरी केरल युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ममकूटथिल की हालिया हिंसक प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रीय पार्टी ने राज्य में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम सरकार के खिलाफ हमला तेज कर दिया है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई ‘राजनीतिक फैसला’ है जो मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने लिया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ममकूटथिल की गिरफ्तारी के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में प्रदर्शन किया जिसकी वजह से घंटों तक तनाव की स्थिति रही। युवा कांग्रेस के उत्तेजित कार्यकर्ताओं ने सचिवालय तक विरोध मार्च निकाला और उन्हें तितर बितर करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार डालनी पड़ी।

कांग्रेस ने कहा कि अगर हिंसा भड़काने के लिए किसी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना था, तो सबसे मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ दर्ज किया जाना चाहिए था।

केरल की मुख्य विपक्षी पार्टी ने आरोप लगाया कि ममकूटथिल की गिरफ्तारी कर विजय व्यक्तिगत दुश्मनी निकाल रहे हैं क्योंकि युवा कांग्रेस नेता ने मीडिया में उनकी और उनकी सरकार की आलोचना की थी।

केंद्रीय कारागार में ममकूटथिल से मिलने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीसन ने कहा कि पार्टी तब तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी जब तक कि विजयन को सत्ता से बाहर नहीं कर दिया जाता। ममकूटथिल को मंगलवार को अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि ममकूटथिल की घर में जबरन घुसकर उनकी मां और बहन के सामने की गई गिरफ्तारी, इस बात का नवीनतम उदाहरण है कि विजयन सरकार लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन करने वाले युवाओं के साथ कैसा व्यवहार कर रही है।

सतीसन ने मुख्यमंत्री पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि विजयन का ‘दंगा का आह्वान’ राज्य सरकार के जनता तक पहुंचने के लिए हाल ही में संपन्न ‘नव केरल सदास’ कार्यक्रम के दौरान सभी हिंसा और हमलों का कारण बना।

हालांकि, सत्तारूढ़ माकपा ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी को उचित ठहराया और कहा कि यह केवल एक ‘नैसर्गिक प्रक्रिया’ थी और किसी को भी राज्य के शांतिपूर्ण माहौल को भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कन्नूर जिले के तालीपरम्बा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने कहा कि कांग्रेस को जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करने का साहस दिखाना चाहिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने जमानत के लिए फर्जी चिकित्सा प्रमाणपत्र जमा किया था।

केरल के लोक निर्माण मंत्री पीए मोहम्मद रियास ने भी पुलिस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर किसी युवा संगठन के नेता को गिरफ्तार किया गया और जेल भेजा गया।

इस बीच, ममकूटथिल की गिरफ्तारी से नाराज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला जिसकी वजह से यहां राज्य सचिवालय के सामने घंटों तक तनाव की स्थिति रही।

हाल में राज्य सचिवालय तक मार्च के दौरान कथित हिंसक हमलों का नेतृत्व करने के आरोप में पुलिस ने केरल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल ममकूटथिल को मंगलवार को पथनमथिट्टा से गिरफ्तार किया।

सचिवालय परिसर के सामने लगाए गए अवरोधक को तोड़ने का प्रयास कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने कई बार पानी की बौछारें डाली गयीं।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ता की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई और और उन्होंने अवरोधकों को तोड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को क्षेत्र से हटाने के लिए पुलिस द्वारा पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया गया।

इसके बाद, प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और राज्य में पुलिस और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे।

इससे पहले विरोध मार्च की शुरुआत करते हुए विधायक शफी परम्बिल ने पुलिस की आलोचना की और कहा कि वे वामपंथी सरकार और पार्टी नेताओं के ‘नौकरों’ की तरह काम कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\