देश की खबरें | केरल: शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला व्यक्ति बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में शादी के नाम पर तीन महिलाओं से धोखाधड़ी कर चुके व्यक्ति को पुलिस ने उसकी चौथी पत्नी की ओर से दर्ज कराई गई बलात्कार की शिकायत के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पथनमथिट्टा (केरल), 11 फरवरी केरल में शादी के नाम पर तीन महिलाओं से धोखाधड़ी कर चुके व्यक्ति को पुलिस ने उसकी चौथी पत्नी की ओर से दर्ज कराई गई बलात्कार की शिकायत के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की चौथी पत्नी को उसके बारे में जानकारी उसकी दूसरी पत्नी से मिली थी, जो उसकी फेसबुक मित्र थी।
आरोपी तब पकड़ा गया, जब अलप्पुझा की एक महिला ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। व्यक्ति फेसबुक पर उक्त महिला से मिला था और बाद में उससे शादी कर ली।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मूल रूप से कासरगोड जिले के वेल्लारीकुंडु निवासी और इसी जिले के प्रमदम के रहने वाले आरोपी दीपू फिलिप (36) को कोन्नी पुलिस ने गहन जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि उसने एक मार्च 2022 से इस साल सात फरवरी के बीच महिला का यौन उत्पीड़न किया था।
पुलिस ने बताया कि दीपू की धोखाधड़ी की गतिविधियां एक दशक पहले तब शुरू हुईं, जब उसने कासरगोड के वेल्लारीकुंडु की एक महिला से शादी की, उसके सोने के गहने और पैसे हड़पने के बाद उसने उसे और उसके दो बच्चों को छोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, बाद में वह कासरगोड की एक अन्य महिला के साथ तमिलनाडु भाग गया और गायब होने से पहले कुछ समय तक उसके साथ रहा। फिर वह एर्नाकुलम चला गया, जहां वह एक अन्य महिला के करीब आया और कुछ समय तक उसके साथ रहा।
पुलिस ने बताया कि आखिरकार, वह फेसबुक के माध्यम से अलप्पुझा की महिला से मिला और बाद में आर्थनकल में उससे शादी कर ली।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘संबंध बनाने के बाद वह उस महिला के साथ रहता और उसका यौन शोषण करता। हालांकि, जैसे ही उसकी रुचि खत्म हो जाती, वह अपना अगला शिकार ढूंढने निकल पड़ता। इस तरह से उसने पहले भी तीन महिलाओं को धोखा दिया है।’’
उन्होंने कहा कि उसकी धोखाधड़ी का सच इसलिए सामने आया, क्योंकि जिस महिला से वह विवाहित है और जिसके साथ रह रहा था, उसे आरोपी पर शक हुआ था।
पुलिस ने बताया कि दीपू की दूसरी पत्नी उसकी मौजूदा पत्नी की फेसबुक मित्र थी। उसने जो जानकारी दी, उससे ही धोखेबाज की धोखाधड़ी का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस ने बताया कि जब दीपू को एक पुराने वाहन दुर्घटना मामले से संबंधित 3.5 लाख रुपये का बीमा भुगतान मिला, तो उसे अपनी वर्तमान पत्नी में रुचि नहीं रही और जब उसने उसे छोड़ने का प्रयास किया, तो उसे शक हुआ और उसने कोन्नी पुलिस से संपर्क कर शिकायत की।
महिला ने शनिवार को शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और शुरुआती कार्रवाई के बाद आरोपी को पथनमथिट्टा इलाके से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को रविवार देर रात करीब दो बजे गिरफ्तार किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)