देश की खबरें | केजरीवाल ने 'फर्जी वीडियो' को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर उनका फर्जी वीडियो कथित रूप से साझा करने को लेकर बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

नयी दिल्ली, तीन फरवरी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर उनका फर्जी वीडियो कथित रूप से साझा करने को लेकर बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

केजरीवाल ने कैप्टन पर अपने राजनीतिक अस्तित्व के लिए गंदी राजनीति का सहारा लेने का आरोप लगाया।

पंजाब के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल की ओर से ट्विटर पर साझा किये गये वीडियो में दिल्ली के मुख्यमंत्री को कथित रूप से तीन कृषि कानूनों की तारीफ करते देखा जा सकता है।

ठुकराल ने वीडियो का लिंक ट्विटर पर साझा करते हुये कहा कि सर्वदलीय बैठक से आम आदमी पार्टी के बहिर्गमन के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह का कहना है कि वीडियो में केजरीवाल कृषि कानूनों की तारीफ करते दिखायी दे रहे हैं तो अब उनकी सहानुभूति कहां है।

ट्वीट में कहा गया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का दावा है कि यह वीडियो फर्जी है, हालांकि बात से मुकरने की उनकी आदत से सभी वाकिफ हैं ।

केजरीवाल ने ठुकराल के ट्वीट को टैग करते हुये जवाब दिया कि पोस्ट में जिस वीडियो का हवाला दिया गया है उसके साथ छेड़छाड़ की गयी है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘इस वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गयी है । कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिये इसका सहारा लिया है जो चौंकाने वाला है। मैं मीडिया से इस वीडियो को प्रसारित और प्रकाशित करने अथवा इस्तेमाल करने से बचने की अपील करता हूं । अगर कैप्टन अमरिंदर सिंह तत्काल इस वीडियो को वापस नहीं लेते हैं और माफी नहीं मांगते हैं तो मैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगा ।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनकारी किसानों को समर्थन दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\