देश की खबरें | केसीआर ने नहीं की प्रधानमंत्री की अगवानी, यशवंत सिन्हा के लिए बिछाए पलक पांवड़े
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक से ठीक पहले राज्य में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के बीच निजामों के इस शहर में ‘पोस्टर वार’ देखने को मिला।
हैदराबाद, दो जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक से ठीक पहले राज्य में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के बीच निजामों के इस शहर में ‘पोस्टर वार’ देखने को मिला।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बीच राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा यहां पहुंचे तो उनका स्वागत करने खुद मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव अपने कई मंत्रियों के साथ हवाई अड्डे पहुंचे और टीआरएस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया, जबकि कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार पूर्वाह्न राजधानी पहुंचे, तो राव उनकी अगवानी करने नहीं गए। उन्होंने अपने एक मंत्री को इसके लिए भेजा।
इतना ही नहीं, कार्य समिति की बैठक के मद्देनजर भाजपा ने पूरे शहर को झंडे, पोस्टर व बैनर से पाट दिया है, तो टीआरएस ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए शहर भर में प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को निशाना बनाने वाले पोस्टर व बैनर लगाए हैं।
कई पोस्टर में ‘‘बाय, बाय मोदी’’, ‘‘अब बस करो’’ और ‘‘बहुत हो गया मोदी’’ लिखकर सीधे प्रधानमंत्री को निशाना बनाया गया है।
टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री के टी रामा राव ने भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए ट्वीट किया और कहा कि केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी को राज्य की टीआरएस सरकार द्वारा लागू की गई नीतियों से सीखना चाहिए।
कार्य समिति में आने वाले भाजपा नेताओं का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘सुंदर शहर हैदराबाद में सभी जुमलाजीवियों का स्वागत है। यहां की दम बिरयानी और ईरानी चाय का आनंद लेना न भूलें।’’
इस ट्वीट के साथ उन्होंने हैशटेग ‘‘तेलंगाना द पावरहाउस’’ का इस्तेमाल किया और भाजपा नेताओं से कहा कि कृपया राज्य का दौरा करें, उसे याद रखें और फिर यहां लागू नीतियों को अपने क्षेत्र में क्रियान्वित करें।
टीआरएस और मुख्यमंत्री राव का यह व्यवहार भाजपा नेताओं को नागवार गुजरा। उन्होंने मुख्यमंत्री राव और उनकी पार्टी के इस कदम की कड़ी आलोचना की है।
भाजपा नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा है कि इस तरह के हथकंडे अपनाकर और शक्ति प्रदर्शन करके राव और टीआरएस न ही प्रधानमंत्री मोदी का कद छोटा कर पाएंगे, न ही उन्हें लोगों के दिलों से दूर कर सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री राव पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सम्मान के साथ सभी से मिलते हैं, लेकिन आज मुख्यमंत्री ने जिस तरह से ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण व्यवहार’’ किया है, वह संवैधानिक मर्यादाओं के साथ ही सामाजिक मर्यादा का भी उल्लंघन है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने व्यक्ति पर नहीं संस्था पर हमला किया है।’’
कभी मुख्यमंत्री राव के बेहद करीबी और उनकी सरकार में मंत्री रहे इटेला राजेंद्र ने कहा कि राव का यह पुराना हथंकडा रहा है कि जब भी कोई दल उनके खिलाफ खड़ा होता है तो वह उसका और उसके शीर्ष नेताओं का अपमान करने का कोई भी मौका नहीं चूकते।
राजेंद्र अब भाजपा में हैं। उन्होंने ‘पीटीआई-’ से बातचीत में कहा, ‘‘यह कोई पहला मौका नहीं है, जब प्रधानमंत्री राज्य के दौरे पर आ रहे हैं और मुख्यमंत्री उनका स्वागत करने नहीं गए। इससे पहले भी दो मौकों पर ऐसा हो चुका है। ऐसा करके वह अपने आपको छोटा कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)